Tunnel Rescue: पीएम मोदी के प्रमुख सचिव पहुंचे सिल्क्यारा, रेस्क्यू ऑपरेशन का लिया जायजा
Uttarakhand Tunnel Rescue: उत्तरकाशी जिले के सिलक्यारा में हुए टनल हादसे के बाद 41 मजदूर 16 दिनों से फंसे हुए हैं। ऐसे में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रमुख सचिव डॉ.पीके मिश्रा और केंद्र सरकार के गृह मंत्रालय सचिव अजय भल्ला ने सोमवार को टनल रेस्क्यू ऑपरेशन का जायजा लिया।
इस दौरान उनको ग्राफिकल प्रस्तुतिकरण और मैपिंग के माध्यम से टनल की भौगोलिक स्थिति को
समझाया। प्रमुख सचिव डॉ.पीके मिश्रा ने टनल के अंदर चल रहे रेस्क्यू कार्य की बारीकियों को समझा।

उन्होंने अधिकारियों के साथ ही रेस्क्यू ऑपरेशन में जुटे श्रमिकों, इंजीनियरों से भी जानकारी ली। उन्होंने रेस्क्यू ऑपरेशन में जुटे सभी श्रमिकों का हौसला भी बढ़ाया। प्रमुख सचिव डॉ.पीके मिश्रा ने ऑगर मशीन की ब्लेड और साफ्ट को काटने की प्रक्रिया में जुटे श्रमिकों टिंकू दुबे, अमित, शशिकांत, झारू राम, राधे रमण दुबे, ओम प्रकाश, एन.डी अहमद से बात कर उनका कुशलक्षेम जानते हुए उनके काम की सराहना की।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि अंदर फंसे श्रमिकों के साथ राहत बचाव कार्य में जुटे सभी लोगों की सुरक्षा का भी विशेष ध्यान रखा जाए। प्रमुख सचिव डॉ.पीके मिश्रा ने सुरंग के अंदर फंसे श्रमिकों के लिए भेजी जा रही भोजन सामग्री के बारे में जानकारी ली।
उन्होंने कहा कि श्रमिकों को भेजे जा रहे हैं भोजन की गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाए। प्रमुख सचिव ने टनल में एसडीआरएफ द्वारा स्थापित ऑडियो कम्युनिकेशन सेटअप और बीएसएनएल के स्तर से स्थापित टेलिफोनिक कम्युनिकेशन सिस्टम के माध्यम से अंदर फंसे श्रमिकों में से गब्बर सिंह और अन्य लोगों से वार्ता कर उनका हाल चाल जाना।
उन्होंने वार्ता के दौरान श्रमिकों से अपने स्वास्थ्य का ध्यान रखने की बात कही। उन्होंने श्रमिकों से खाने पीने बिजली पानी की आपूर्ति के बारे में जानकारी ली। उन्होंने कहा कि रेस्क्यू ऑपरेशन के लिए सभी लोग मेहनत कर रहे हैं। कई मोर्चों पर कार्य चल रहा है। सभी को जल्द से जल्द निकाले जाने की कोशिश जारी है।
प्रमुख सचिव डॉ.पीके मिश्रा ने टनल में फंसे श्रमिकों के परिजनों से मुलाकात कर उनका हौसला बढ़ाया। उन्होंने कहा श्रमिकों को जल्द ही बाहर निकाल लिया जाएगा। परिजनों के साथ ही पूरा देश उनके शीघ्र और सुरक्षित निकाले जाने की दुआ कर रहा है। उन्होंने कहा पूरे देश की दुआएं अंदर फंसे श्रमिकों के साथ है। परिजनों को हौसला बनाए रखना होगा। सरकार हर स्थिति पर श्रमिकों के परिजनों के साथ खड़ी है। गौरतलब है कि टनल में फंसी ओगर मशीन के पार्ट्स काट कर निकाल लिए गए गए है।












Click it and Unblock the Notifications