Uttarkashi news: धराली आपदा के 4 दिन, मलबे में दबे लोगों की तलाश शुरू, रेस्क्यू से जुड़ी 10 बड़ी बातें
Uttarkashi dharali news:उत्तरकाशी के धराली गांव में आई आपदा के चौथे दिन आज भी मिशन जिंदगी जारी है। हेलीकॉप्टर के जरिए उत्तरकाशी के मातली और चिन्यालीसौड़ में रेस्क्यू किया जा रहा है। अब तक धराली, हर्षिल में फंसे 657 लोगों को रेस्क्यू किया गया है।
इसके साथ ही धराली में SDRF आपदा प्रभावित क्षेत्र में अत्याधुनिक उपकरणों Victim Locating Camera, Thermal Imaging Camera, और डॉग स्क्वाड टीम के साथ मलबे से क्षतिग्रस्त भवनों में खोजबीन कर मलबे में दबे लोगों की तलाश शुरू कर दी है। राही डॉग द्वारा ग्राउंड जीरो पर सर्चिंग शुरू कर दी गई है।

- धराली हर्षिल से आपदा प्रभावितों को सुरक्षित निकालने के लिए राहत बचाव अभियान जारी हैं। चिन्यालीसौड़ हवाई पट्टी पर अपराह्न 1 बजे तक सेना के MI -17 और चिनुक द्वारा 119 लोगों को रेस्क्यू कर लाया गया है जहां से सभी को सकुशल उनके गंतव्य के लिए भेजा जा रहा है।
- SDRF द्वारा अत्याधुनिक उपकरणों जैसे विक्टिम लोकेटिंग कैमरा, थर्मल इमेजिंग कैमरा इत्यादि आधुनिक उपकरणों के साथ मलबे से क्षतिग्रस्त भवनों में गहन खोजबीन की जा रही है।
- SDRF की डॉग स्क्वाड टीम भी मलबे में दबी जिंदगी के लिए सर्चिंग में जुटी हुई है।
- SDRF टीम गंगनानी में टूटे हुए पुल के पुनःनिर्माण हेतु PWD एवं BRO के साथ सहयोग कर रही है, यातायात व आपूर्ति मार्ग शीघ्र बहाल किए जा सकें।
- हर्षिल में SDRF द्वारा कम्युनिटी किचन स्थापित कर आपदा प्रभावित 220 लोगों के लिए भोजन की व्यवस्था की गई। इसके अतिरिक्त, आपदा राहत सामग्री को प्रभावित ग्रामीणों तक पहुँचाया जा रहा है।
- गंगनानी से 03 किमी आगे पुल ध्वस्त होने से मार्ग अवरुद्ध है। SDRF टीम ने रोप की सहायता से स्टील तार नदी पार पहुंचाकर पुल का एलाइनमेंट सुनिश्चित किया,टीम ने BRO व PWD के इंजीनियरों और मजदूरों को टूटे हुए पुल के कारण सड़क से रोप द्वारा नीचे उतारकर नदी के रास्ते सुरक्षित पार कराया।
- घटनास्थल का स्थलीय निरीक्षण/रेस्क्यू कार्यों का जायजा लेने के लिए उत्तराखण्ड के पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ उत्तरकाशी पहुंचे, मातली हेलीपैड में लैडिंग के बाद उनके द्वारा मुख्यमंत्री की मीटिंग में प्रतिभाग करने के बाद हर्षिल के लिए रवाना हुये हैं।
- उत्तरकाशी जिलाधिकारी प्रशांत आर्या के अनुसार एक शव बरामद किया गया है और 49 लोग अभी भी लापता हैं, जिनकी तलाश में सर्च ऑपरेशन जारी है।
- मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की निगरानी और निर्देशन में आपदा प्रभावित धराली क्षेत्र में राहत और बचाव अभियान युद्धस्तर पर जारी है। मुख्यमंत्री तीन दिन से उत्तरकाशी में ही प्रवास कर स्वयं रेस्क्यू अभियान की कमान संभाले हुए हैं।
- हर्षिल क्षेत्र में मोबाइल कनेक्टविटी चालू हो गई है। प्रशासन के अनुसार जल्द ही बिजली की आपूर्ति भी शुरू हो जाएगी।












Click it and Unblock the Notifications