Uttarkashi cloudburst: धराली गांव पहुंचे सीएम धामी, प्रभावित परिवारों से मिले, लोगों ने बताया क्या था मंजर
Uttarkashi cloudburst उत्तरकाशी के धराली गांव में आई बाढ़ के बाद पूरा कस्बा तबाह हो गया है। प्रदेश के सीएम पुष्कर सिंह धामी ने हर्षिल क्षेत्र पहुंचकर धराली में हुई तबाही के मंजर का दौरा किया। इस दौरान धामी ने प्रभावित लोगों से भी मुलाकात की और हर संभव मदद का भरोसा दिलाया।
मुखबा गांव के स्थानीय लोगों ने सीएम धामी को पूरी घटना के बारे में जानकारी दी। स्थानीय लोगों ने बताया है कि शाम 6 बजे तक खीर गंगा से मलबा और पानी आता रहा। जिससे पूरा धराली कस्बा डूब गया। धराली गांव के एकाध घर और होटल ही अब नजर आ रहे हैं। धराली गांव के पास भागीरथी नदी में बना पुल भी मलबे में डूबा हुआ है।

मुखबा गांव के दिनेश सेमवाल ने बताया कि करीब 1 बजकर 20 मिनट पर बहुत तेजी से पानी आया और कुछ ही मिनटों में बाजार तक पहुंच गया। इस बीच किसी को भी संभलने का मौका नहीं मिला। हालांकि मुखबा गांव से लोगों ने सीटी बजाकर और शोरगुल के जरिए संदेश दिया। लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। उन्होंने ये भी बताया कि शाम 6 बजे तक लगातार खीर गंगा में पानी का वेग बढ़ता रहा। आज भी नदी में पानी है।
फिर भारी बारिश का अलर्ट
प्रशासन ने बताया कि गुरुवार तक क्षेत्र में मोबाइल कनेक्टिविटी और बिजली की आपूर्ति शुरू हो सकती है। ऐसे में आज का दिन भी स्थानीय लोगों के लिए चुनौती भरा रह सकता है। उधर उत्तरकाशी में एक बार फिर भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। गुरुवार को भी जिले में सभी स्कूल बंद रहेंगे। इस बीच हेलीकॉप्टर से राशन और जरूरी सामान हर्षिल पहुंचाया गया। इसके बाद घायलों को मातली लाने का काम शुरू कर दिया गया है।
गंगनानी का एक पुल बह गया
प्रशासन के लिए सबसे बड़ी चुनौती अभी भी सड़क मार्ग कनेक्टविटी को दुरस्त करना है। पहले भटवाड़ी में दो जगहों पर सड़कें वॉशआउट हो गए और गंगनानी का एक पुल बह गया है। पुल को बनाने में समय लग सकता है। इस बीच मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उत्तरकाशी पहुंचने के बाद धराली क्षेत्र का दौरा किया और प्राकृतिक आपदा से प्रभावित लोगों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना।
राहत कार्यों की प्रगति की समीक्षा
मुख्यमंत्री ने प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता का भरोसा दिलाया और राहत कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। मुख्यमंत्री ने मौके पर तैनात राहत एवं बचाव कार्यों में जुटे कर्मियों से भी भेंट की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि राहत सामग्री और सहायता समयबद्ध तरीके से सभी प्रभावितों तक पहुंचे।
घायलों को एम्बुलेंस से मातली लाया गया
राहत कार्यों को गति देने के उद्देश्य से दो हेलीकॉप्टरों के माध्यम से आवश्यक खाद्य सामग्री और राहत सामग्री धराली क्षेत्र में पहुंचाई गई है। जिसके बाद घायलों को एम्बुलेंस से मातली लाया गया। इसके अतिरिक्त, भारतीय वायुसेना के चिनूक हेलीकॉप्टर से भारी मशीनरी भी पहुंचाई जा रही है, जिससे मार्गों की मरम्मत, मलबा हटाने और अन्य आवश्यक कार्यों को शीघ्रता से अंजाम दिया जा सके।












Click it and Unblock the Notifications