Uttarakhand weather: आसमानी आफत से मिलेगी राहत या जारी रहेगी बारिश,जानिए मौसम विभाग का क्या है पूर्वानुमान
उत्तराखंड में फिलहाल आने वाले दिनों में बारिश से किसी तरह की राहत नहीं मिलने जा रही है। मौसम विभाग की मानें तो आने वाले चार से पांच दिनों तक पूरे प्रदेशभर में हल्की से मध्यम बारिश रहने का अंदेशा है।
इस दौरान कहीं-कहीं पर भारी बारिश भी देखने को मिल सकती है।राज्य के आठ जिलों में आज अधिकांश स्थानों पर बारिश की संभावना है। जबकि इनमें से तीन जिलों में भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है।

मौसम विभाग के निदेशक विक्रम सिंह ने कहा कि प्रदेश में दो से तीन जिले ऐसे हैं जहां पर मानसून की दस्तक के बाद अब तक बारिश कम दर्ज की गई बाकी अन्य जिलों में अच्छी खासी बारिश देखने को मिली है। उन्होंने कहा है कि आगे चार से पांच दिनों तक प्रदेश के अधिकांश हिस्सों खासकर कुमाऊं क्षेत्र के अलावा राजधानी देहरादून सहित टिहरी व पौड़ी जिले में भारी बारिश देखने को मिल सकती है बाकी अन्य जिलों में इस दौरान हल्की से मध्यम बारिश का अंदेशा है।
प्रदेशभर में लगातार भारी बारिश का दौर जारी है। प्रदेश में लगातार हो रही बारिश को लेकर मौसम विभाग ने आम जनता को विशेष सावधानी बरतने की चेतावनी दी है,कहा नदी नालों के आसपास जाने से बचें साथ ही आवागमन पर भी विशेष सावधानी बरतने की आवश्यकता है ताकि जान माल का नुकसान ना हो।
इस बीच गंगोत्री हाईवे बार-बार बाधित हो रहा है। 12 घंटे की मशक्कत के बाद हाईवे खोला गया था, लेकिन आज फिर मलबा-बोल्डर आने से हाईवे बंद हो गया। गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग भटवाड़ी व गंगनानी के बीच में मलबा व बोल्डर आने के कारण बाधित हो गया।
मौसम विभाग की ओर से पूर्वानुमान के अनुसार राज्य के तीन जिलों देहरादून, नैनीताल और बागेश्वर में कहीं-कहीं पर तेज बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है। इसके अलावा टिहरी, पौड़ी, हरिद्वार, चंपावत और ऊधमसिंहनगर जिले में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना व्यक्त की गई है।
चमोली पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार लगातार हो रही भारी बारिश के कारण श्री बद्रीनाथ में अलकनन्दा नदी व अन्य सहायक नदियों का जलस्तर अत्याधिक बढ़ गया है। श्री बद्रीनाथ पुलिस द्वारा आमजन व श्रद्धालुओं को अलकनन्दा नदी में न नहाने व नदी किनारे न जाने के लिए निर्धारित स्थानों पर चेतावनी फ्लैक्स लगवाए गए व साथ ही लगातार अनाउंसमेंट कर सतर्क रहने व सुरक्षित स्थानों पर जाने की अपील की जा रही है। बद्रीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर जोशीमठ क्षेत्रांतर्गत पागलनाला व गुलाब कोटी के पास मलबा आने के कारण सड़क मार्ग अवरुद्ध हो रहा है।












Click it and Unblock the Notifications