Uttarakhand Weather ऊंचाई वाले क्षेत्रों में जमने लगा पानी, माइनस में तापमान, आने वाले दिनों में होगी बर्फबारी
Uttarakhand Weather उत्तराखंड में इन दिनों कड़ाके की ठंड पड़ रही है। ऊंचाई वाले क्षेत्रों में पानी जमने लगा है। हालांकि बर्फबारी का अभी भी लोगों को इंतजार है। लंबे समय से बारिश व बर्फबारी न होने से मौसम शुष्क बना हुआ है। जिससे लोगों की मुश्किलें बढ़ती जा रही है।
मौसम विभाग ने 14 दिसंबर से मौसम बदलने का अनुमान जताया है। 14 दिसंबर को उत्तरकाशी, चमोली और पिथौरागढ़ में बारिश के साथ-साथ 3500 मीटर से अधिक ऊंचे स्थानों पर बर्फबारी होने की संभावना है। 12 और 13 दिसंबर को प्रदेश के सभी जनपदों में मौसम शुष्क रहेगा।

उत्तरकाशी, चमोली समेत पहाड़ी जिलों में ठंड का जबरदस्त प्रकोप नजर आ रहा है। ऊंचाई वाले इलाकों में तापमान लगातार गिरने से पानी जमने लगा है। गंगोत्री धाम, बद्रीनाथ, केदारनाथ और यमुनोत्री क्षेत्र में कई स्थानों पर छोटे झरने और बहते पानी पर बर्फ की परतें साफ दिखाई दे रही हैं।
नीती घाटी में माइनस 10 तापमान पहुंचा
भारत चीन बॉर्डर पर नीती घाटी में माइनस 10 तापमान पहुंचा है। गदेरे और झरने जम गए हैं। यहां बर्फीली आकृतियां देख पर्यटक उत्साहित हो रहे हैं। बारिश नहीं होने से क्षेत्र में कोरी ठंड पड़ रही है। लगातार पाला गिरने से तापमान में गिरावट हो रही है। कड़ाके की ठंड के साथ कोहरा भी बढ़ने लगा है और कई स्थानों पर न्यूनतम तापमान सामान्य से नीचे पहुंच गया है।
कई मार्गों पर भी जमी बर्फ से फिसलन बढ़ गई
गंगोत्री नेशनल पार्क क्षेत्र के कई मार्गों पर भी जमी बर्फ से फिसलन बढ़ गई है। शीतलहर इतनी प्रचंड है कि पानी के पाइपों में पानी जमने से पाइप चोक हो गए हैं, जिससे स्थानीय लोगों और कर्मियों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। गंगोत्री नेशनल पार्क सर्दियों के लिए बंद हो चुका है, लेकिन इसके बावजूद पार्क के कर्मचारी गस्त जारी रखे हुए हैं।
ऊंचे क्षेत्रों में बर्फबारी संभव
बर्फ जमे रास्तों और कड़कड़ाती ठंड के बीच ड्यूटी करना उनके लिए चुनौती बन गया है। पूरे क्षेत्र में कड़ाके की ठंड का असर साफ महसूस किया जा रहा है और तापमान में और गिरावट की संभावना जताई जा रही है। मौसम विभाग के मुताबिक, बद्रीनाथ, केदारनाथ, औली, मुनस्यारी और हर्षिल जैसे ऊंचे क्षेत्रों में बर्फबारी संभव है।












Click it and Unblock the Notifications