Uttarakhand weather नए साल के पहले दिन जबरदस्त ठंड, कोहरे को लेकर जारी है अलर्ट, जानिए मौसम अपडेट
उत्तराखंड में नए साल के पहले दिन जबरदस्त ठंड देखने को मिली। बीते कुछ दिनों से कोहरे की वजह से कंपकंपाने वाली ठंड पड़ रही है। इस बीच सर्द हवाओं की वजह से तापमान में भारी गिरावट आ गई है। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में अभी ऐसा ही मौसम रहने का अनुमान जताया है।

मौसम विभाग के अनुसार, एक जनवरी से प्रदेश के ज्यादातर क्षेत्रों में मौसम शुष्क रहने के आसार हैं। अगले कुछ दिन मैदानी क्षेत्रों में घना कोहरा छाया रह सकता है। जिससे सर्दी बढ़ेगी और पारे में गिरावट आने की भी आशंका है। घने कोहरे को लेकर आरेंज अलर्ट जारी किया गया है। बीते दिनों से पर्वतीय क्षेत्रों में बर्फबारी के बाद सर्द हवाओं ने ठंड बढ़ा दी है। जबकि मैदानी क्षेत्रों में घना कोहरा दुश्वारी बढ़ा रहा है।
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, ऊधमसिंह नगर और हरिद्वार में बहुत घने कोहरे को लेकर आरेंज अलर्ट है, जबकि, कुछ अन्य मैदानी क्षेत्रों में कोहरे को लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया है। इससे तापमान में भी गिरावट के आसार हैं। कोहरे के कारण दून आने वाली ट्रेन तो प्रभावित हैं हीं, हवाई सेवाओं पर भी असर पड़ रहा है।
उधर नए साल पर बर्फबारी का इंतजार कर रहे पर्यटकों और लोगों को निराशा हाथ लगी है। इस सीजन की पहली बर्फबारी के बाद अब तक दोबारा बर्फ देखने को नहीं मिली है। मौसम विभाग ने नए साल पर बारिश और बर्फ गिरने की संभावना जताई थी, लेकिन कुछ खास मौसम में बदलाव नजर नहीं आया है।












Click it and Unblock the Notifications