Uttarakhand Weather today फिर बदलेगा मौसम का मिजाज, बारिश और बर्फबारी की संभावना, जानिए कब से और कहां
Uttarakhand Weather today उत्तराखंड में एक बार फिर मौसम का मिजाज बदल सकता है। बीते कई दिनों से मौसम शुष्क बना हुआ है। गर्मी अपने तेवर दिखा रही है। होली पर भी मौसम काफी गर्म रहा। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार अगले कुछ दिन तापमान में बढ़ोतरी का क्रम जारी रहेगा।
अधिकतर क्षेत्रों में एक से दो डिग्री सेल्सियस की वृद्धि हो सकती है। हालांकि राहत की बात ये है कि आठ मार्च से हिमालयी क्षेत्र में पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से पर्वतीय क्षेत्रों में मौसम करवट ले सकता है और पहाड़ों में हल्की वर्षा के आसार बन रहे हैं।

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार उत्तराखंड के मैदानी क्षेत्रों में तापमान सामान्य से अधिक रहने के कारण दिन के समय हल्की गर्मी महसूस हो सकती है। मौसम विभाग के अनुसार राज्य के अधिकांश जिलों में फिलहाल बारिश की कोई संभावना नहीं है, हालांकि पहाड़ी क्षेत्रों में कुछ स्थानों पर हल्की बारिश और बर्फबारी हो सकती है।
मौसम विभाग के अनुसार 5, 6 और 7 मार्च को उत्तराखंड के सभी जनपदों में मौसम शुष्क रहने की संभावना है। इन दिनों आसमान साफ रहने की संभावना है और राज्य के अधिकांश हिस्सों में बारिश के कोई संकेत नहीं हैं। 8 मार्च को उत्तराखंड के कुछ ऊंचाई वाले जिलों में मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है।
उत्तरकाशी, चमोली और पिथौरागढ़ इन जिलों में कहीं-कहीं बहुत हल्की से हल्की बारिश या गरज के साथ बिजली चमकने की संभावना है। इन क्षेत्रों में 4000 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की बर्फबारी भी हो सकती है। राज्य के बाकी जिलों में मौसम शुष्क बना रहेगा।
9 और 10 मार्च को भी पहाड़ी जिलों में मौसम में हल्का बदलाव देखने को मिल सकता है। इन जिलों में कहीं-कहीं बहुत हल्की बारिश या गरज के साथ बिजली चमकने की संभावना है, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग,चमोली, बागेश्वर पिथौरागढ़ में 3800 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले स्थानों पर हल्की बर्फबारी हो सकती है। जबकि राज्य के अन्य जिलों में मौसम शुष्क बना रहेगा।












Click it and Unblock the Notifications