Uttarakhand weather today कल से फिर बारिश और बर्फबारी का अलर्ट, जानिए कहां और कब तक रहेगा ऐसा मौसम
Uttarakhand weather today उत्तराखंड में फिलहाल मौसम शुष्क बना हुआ है, लेकिन आने वाले दिनों में फिर से बारिश और बर्फबारी की संभावना है। जिससे एक बार फिर पहाड़ों में मौसम बदल सकता है। मौसम विभाग की मानें तो उत्तराखंड के पर्वतीय जिलों में मंगलवार से फिर मौसम बदलने के आसार हैं।
हालांकि मैदानी इलाकों में मौसम गर्म हो रहा है। खासकर दिन में हल्की गर्मी का एहसास हो रहा है। मौसम विज्ञान केंद्र की ओर से जारी पूर्वानुमान के अनुसार 17 फरवरी को उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिले में हल्की बारिश व बर्फबारी की संभावना है।

खासकर प्रदेश के 3000 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी हो सकती है। इसके अलावा प्रदेश के अन्य हिस्सों में मौसम शुष्क रहेगा। मौसम का मिजाज 18 फरवरी को भी ऐसा ही रहेगा। इसके बाद 19 से 21 फरवरी तक प्रदेशभर में मौसम शुष्क रहेगा। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि पर्वतीय इलाकों में बदलने वाले मौसम का बहुत अधिक असर तापमान में देखने को नहीं मिलेगा।
देहरादून के मौसम की बात करें तो कई दिनों से मौसम शुष्क बना हुआ है। दिन में गर्मी का एहसास हो रहा है। होली तक इस बार गर्मी देखने को मिल सकती है। सोमवार को भी मौसम साफ है। मंगलवार से पहाड़ों में बारिश और बर्फबारी की संभावना है, ऐसे में इसका असर मैदानी इलाकों में कितना होता है, ये देखना होगा। रविवार को अधिकतम तापमान सामान्य से चार डिग्री इजाफे के साथ 26.3 डिग्री रिकॉर्ड किया गया।
जबकि रात का न्यूनतम तापमान भी सामान्य से दो डिग्री बढ़ोतरी के साथ 11.2 डिग्री दर्ज किया गया। जनवरी माह के आखिर में प्रदेश में बर्फबारी होने से मौसम ठंडा हो गया था, लेकिन फरवरी के दूसरे सप्ताह तक एक बार फिर गर्मी का एहसास शुरू हो गया है। कई दिनों से पहाड़ों में भी मौसम शुष्क बना हुआ है।












Click it and Unblock the Notifications