Uttarakhand Weather बदला मौसम, बारिश से बढ़ी जबरदस्त ठिठुरन, बर्फबारी का भी अलर्ट, जानिए कब तक रहेगा ऐसा
Uttarakhand Weather आखिरकार लंबे इंतजार के बाद आज उत्तराखंड में मौसम का मिजाज बदला हुआ है। आज सुबह से देहरादून सहित प्रदेश के कई जगहों में घने बादल लगे हुए हैं। साथ ही कई स्थानों पर बारिश और बूंदाबांदी जारी है। पर्वतीय इलाकों में बारिश-बर्फबारी का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम के बदलने से जबरदस्त ठिठुरन बढ़ गई है। उत्तरकाशी जिले के गंगोत्री व यमुनोत्री क्षेत्र में बर्फबारी की जानकारी सामने आई है। मौसम विभाग ने उत्तरकाशी, देहरादून, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में भारी बारिश व बर्फबारी का अनुमान जताया है। अन्य जिलों में ओलावृष्टि व झोंकेदार हवाओं का येलो अलर्ट है।

28 जनवरी तक प्रदेशभर में मौसम का मिजाज कुछ ऐसा ही रहने के आसार हैं। लंबे समय से मौसम शुष्क बना हुआ था, लेकिन अब बारिश से किसानों और आम जनता को राहत मिलेगी, क्योंकि सूखे के कारण फसलें खराब हो रही हैं और जंगल में आग लग रही है। मौसम वैज्ञानिकों ने उत्तराखंड में शुक्रवार से मौसम बदलने की संभावना जताई थी।
मौसम विज्ञान केंद्र की ओर से जारी पूर्वानुमान के अनुसार आज 23 जनवरी को देहरादून के पर्वतीय इलाकों के साथ उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिले में बारिश-बर्फबारी का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। खासकर 2300 मीटर ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की अधिक संभावना है। इसके अलावा प्रदेश के अन्य जिलों में ओलावृष्टि के साथ बिजली चमकने और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने के आसार हैं।
बता दें कि मौसम विभाग द्वारा 23 जनवरी को उत्तराखण्ड में बारिश एवं बर्फबारी की पहले ही चेतावनी जारी की गई है। मौसम विभाग द्वारा जारी अलर्ट के अनुसार उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर एवं पिथौरागढ़ जनपदों के लिए ऑरेंज अलर्ट, जबकि देहरादून, टिहरी, हरिद्वार, पौड़ी, अल्मोड़ा एवं नैनीताल जनपदों के लिए यलो अलर्ट जारी किया गया है। चेतावनी को दृष्टिगत रखते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर आपदा प्रबंधन विभाग ने एहतियाती कदम उठाने के निर्देश दिए गए। जिसके बाद से सभी जिला प्रशासन सतर्क हैं।












Click it and Unblock the Notifications