Uttarakhand Weather today आने वाले दिनेां में बढ़ेगी ठंड, देहरादून के स्कूलों के समय में बदलाव के आदेश जारी
Uttarakhand Weather today उत्तराखंड के पहाड़ों में पाला और मैदानों में शीतलहर सूखी ठंड बढ़ा रही है। जिससे ठंड का प्रकोप बढ़ता जा रहा है। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में की पाला और अधिक ठंड की चेतावनी जारी की है। जिसके बाद देहरादून में डीएम सविन बंसल ने स्कूलों के समय में बदलाव करने के आदेश जारी किए हैं।
डीएम के आदेश के अनुसार, कक्षा एक से 12 तक स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र 31 जनवरी तक साढ़े आठ बजे के बाद ही खुलेंगे। देश में कई दिनों से मौसम शुष्क बना हुआ है। भले बारिश-बर्फबारी न हो रही हो लेकिन पहाड़ों में पाला और मैदानों में शीतलहर सूखी ठंड बढ़ा रही है।

मौसम विज्ञान केंद्र की ओर से जारी पूर्वानुमान के अनुसार सोमवार को प्रदेशभर में मौसम शुष्क रहेगा। हालांकि देहरादून समेत छह जिलों में कोहरा छाए रहने का भी येलो अलर्ट जारी किया गया है। सोमवार को मैदानी जिले देहरादून, ऊधमसिंह नगर व हरिद्वार समेत नैनीताल, चंपावत और पौड़ी में घना कोहरा छा सकता है।
आने वाले दिनों की बात करें तो 16 जनवरी तक प्रदेशभर में मौसम शुष्क रहने की संभावना है। हालांकि 17 जनवरी को प्रदेश के पर्वतीय इलाकों में हल्की बारिश और बर्फबारी के भी आसार हैं। प्रदेश में बढ़ती ठंड और संभावित बर्फबारी को देखते हुए राज्य सरकार पूरी तरह से अलर्ट है।
आपदा प्रबंधन सचिव विनोद कुमार सुमन ने बताया कि आम जनमानस और पशुधन की सुरक्षा के लिए प्रशासन ने व्यापक तैयारियां की हैं। सार्वजनिक स्थानों और चौराहों पर अलाव की व्यवस्था करने के साथ ही रात के समय विशेष अभियान चलाकर खुले में सो रहे निराश्रितों को रैन बसेरों में पहुंचाया जा रहा है।
आपदा प्रबंधन सचिव ने बताया कि शीत लहर से होने वाली बीमारियों जैसे हाइपोथर्मिया से निपटने के लिए दवाइयों का पर्याप्त स्टॉक रखा गया है। ऊंचाई वाले और बर्फबारी से प्रभावित क्षेत्रों में मार्च तक के लिए राशन और आवश्यक वस्तुओं का अग्रिम भंडारण किया गया है। इसके साथ ही पशुओं के लिए चारे और पशु चिकित्सा की व्यवस्था की गई है। साथ ही गर्भवती महिलाओं के लिए विशेष डेटाबेस तैयार किया गया है।












Click it and Unblock the Notifications