Uttarakhand weather: रुद्रप्रयाग और चमोली में बादल फटने से भारी नुकसान, 3 जिलों में स्कूल बंद, कहां क्या हाल
Uttarakhand weather news: उत्तराखंड में एक बार फिर मानसून की बारिश कहर बनकर बरस रही है। रुद्रप्रयाग के तहसील बसुकेदार क्षेत्र के अंतर्गत बड़ेथ डुंगर तोक और चमोली के देवाल क्षेत्र में बादल फटने की जानकारी सामने आई है।
बताया जा रहा है कि कुछ घरों में मलबा आने से कुछ परिवारों के लोग फंसे हुए हैं। प्रशासन की टीमें रेस्क्यू में जुटी हुई हैं। गंगोत्री और यमुनोत्री हाईवे एक बार फिर जगह-जगह बाधित हो गया है। सीएम धामी ने अधिकारियों को रेस्क्यू कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं।

चमोली के तहसील देवाल के मोपाटा में बादल फटने की सूचना प्राप्त हुई है जिसमें 2 व्यक्ति तारा सिंह और उनकी पत्नी लापता बताए जा रहे है एवं विक्रम सिंह और उनकी पत्नी घायल की सूचना है। आवास भी गोशाला दबने की सूचना प्राप्त हुई है जिसमें लगभग 15 से 20 जानवर दबने की सूचना है।
टिहरी के भिलंगना विकास खंड में जोरदार बारिश के कारण बालगंगा और धर्मगंगा के जल स्तर में बढ़ोतरी की सूचना है। नैलचामी क्षेत्र में बारिश के कारण हुए भूस्खलन से ठेला गांव के मयाल गाड़ में आए मलवे से किसानो की खड़ी फसल को भारी नुकसान पहुंचाया है। इसके साथ ही बूढ़ाकेदार में भी भारी नुकसान हुआ है।
उत्तराखंड के उत्तरकाशी, चमोली, टिहरी, बागेश्वर, चंपावत समेत पहाड़ी जिलों में बारिश का कहर सामने आया है। गंगोत्री और यमुनोत्री हाईवे एक बार फिर जगह जगह बाधित हो गया है। गंगोत्री हाईवे नेताला, नौलूंणा, भटवाड़ी, डबराणी समेत कई जगहों पर बाधित है।
भटवाड़ी स्थित पापड़ गाड़ में आई जल प्रलय से बीआरओ का मोटर पुल बाल बाल बच गया, पुल के ऊपर अटके बड़े बड़े पेड़ और पत्थर। पापड़ घाट में ऊफान पर आने की जानकारी शुक्रवार सुबह 6 बजे मिली है। तेज बारिश से भटवाड़ी स्थित पापड़ गाड में जल प्रलय आ गई, गाड के उफान पर आने से गंगोत्री हाईवे पर BRO के पुल पर भारी कटाव हुआ है,पुल एप्रोच वाल को भारी क्षति पहुंची है।
फिलहाल गंगोत्री हाईवे पर यहां वाहनों की आवाजाही बंद है, वहीं तेज बारिश के कारण गंगोत्री हाईवे भूस्खलन के कारण नलूणा सहित दर्जनों स्थानों पर बंद है, फिलहाल BRO जगह-जगह हाईवे को खोलने के प्रयास में जुट गया है। अल्मोड़ा जिले में देर रात से लगातार वर्षा हो रही है। पिथौरागढ़, चम्पावत, बागेश्वर जिलों में में लगातार हो रही बारिश से जनजीवन प्रभावित हो गया है। जिले के सभी सरकारी, गैर-सरकारी और निजी विद्यालयों के साथ आंगनबाड़ी केंद्रों में अवकाश घोषित किया है।
सीएम पुष्कर सिंह धामी ने सोशल मीडिया के जरिए जानकारी दी कि रुद्रप्रयाग के तहसील बसुकेदार क्षेत्र के अंतर्गत बड़ेथ डुंगर तोक और चमोली के देवाल क्षेत्र में बादल फटने के कारण मलबा आने से कुछ परिवारों के फंसे होने का दुःखद समाचार प्राप्त हुआ है। स्थानीय प्रशासन द्वारा राहत और बचाव कार्य युद्धस्तर पर जारी है, इस संबंध में निरंतर अधिकारियों से संपर्क में हूं, आपदा सचिव और जिलाधिकारियों से बात कर बचाव कार्यों के प्रभावी संचालन हेतु आवश्यक निर्देश दिए हैं। बाबा केदार से सभी के सकुशल होने की प्रार्थना करता हूँ।












Click it and Unblock the Notifications