Uttarakhand: प्री-मानसून बारिश का कहर, मूसलाधार बारिश से कई जगह बाढ़ जैसे हालात, डराने वाली तस्वीरें आई सामने
उत्तराखंड में मानसून आने से पहले ही बारिश का कहर देखने को मिला है। गढ़वाल से लेकर कुमाउं में जगह जगह बारिश से नुकसान और कई जगह आपदा जैसी तस्वीरें सामने आई हैं।
बुधवार 22 मई देर शाम को हुई बारिश ने उत्तरकाशी, पौड़ी और अल्मोड़ा जिले में खूब तबाही मचाई। उत्तरकाशी जिले के चिन्यालीसौड़ ब्लॉक में के गढ़वालगाड़ गांव के बौणी तोक में बारिश के पानी के साथ आया मलबा कई घरों और दुकानों में घुस गया। स्थानीय लोगों ने जानवरों को नुकसान होने की बात की है।

पहाड़ी से गिर रहे मलबे के कारण हर घर नल योजना के पानी के टैंक को भी नुकसान पहुंचा है। ग्रामीणों ने खुद ही घरों से मलबा निकालना शुरू किया। मूसलाधार बारिश करीब पौन घंटे तक जारी रही। जिससे कई घरों व दुकानों में मलबा भी घुसा।
पौड़ी जिले में भी प्री मानसून का कहर देखने को मिला। भारी बारिश से पौड़ी जिले के कई ब्लॉकों में आपदा जैसे हालात पैदा कर दिए। बारिश से कई गदेरे उफान पर बहते हुए नजर आए। जिसके वीडियो भी सोशल मीडिया में जमकर वायरल हो रहे हैं।
बीरोंखाल व थलीसैंण ब्लॉक के कई गांवों में जन जीवन प्रभावित हो गया। बीरोंखाल ब्लॉक के बीरोंखाल, सुखई व फरसाडी गांव के समीप अतिवृष्टि होने की जानकारी सामने आई है। साथ ही प्रभावितों को सुरक्षित जगह पहुंचाने और व्यवस्था करने को प्रशासन की ओर से कार्रवाई की गई।
अल्मोड़ा-हल्द्वानी हाइवे पर क्वारब के पास पहाड़ी के दरकने से मुख्य मार्ग पर मलबा और बड़े बड़े बोल्डर आ गए। जिसके कारण इस मार्ग में आवाजाही घंटों तक बंद रही। भूस्खलन के कारण आए मलबे से आसपास के दुकानदार भी प्रभावित रहे।
घंटो तक मार्ग बंद रहने से कई वाहन फंसे रहे, जिन्हें स्थानीय प्रशासन ने जेसीबी की मदद से खुलवाया। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में भी बारिश का क्रम जारी रहने की संभावना जताई है। साथ ही 26 मई से लगातार बारिश होने का अनुमान जताया है। पहाड़ी जिलों में बारिश इसी तरह से जारी रहेगी।












Click it and Unblock the Notifications