UKSSSC पेपर लीक : आरोपी शिक्षक सस्पेंड, उत्तरकाशी जिले के जनप्रतिनिधि रडार पर, बड़ा सवाल, अब किसका नंबर
UKSSSC पेपर लीक-एसटीएफ की गिरफ्त में आया शिक्षक सस्पेंड
देहरादून, 16 अगस्त। यूकेएसएसएससी पेपर लीक प्रकरण सामने आने के बाद से ही लगातार आए दिन खुलासे हो रहे हैं। एसटीएफ अब तक 18 आरोपियों को जेल के सलाखों के पीछे पहुंचा चुकी है। हाल ही में एसटीएफ की गिरफ्त में आए शिक्षक को शिक्षा विभाग ने सस्पेंड कर दिया है। उधर उत्तरकाशी के जिला पंचायत सदस्य हाकम सिंह के गिरफ्तार होने के बाद जिले के कई जनप्रतिनिधि रडार पर हैं। जिसमें सोशल मीडिया में उत्तरकाशी जिले के एक विधायक के भाई का भी नाम सुर्खियों में है।

व्यायाम शिक्षक तनुज शर्मा निलंबित
मूल रूप से रायपुर के रहने वाले राजकीय इंटर कॉलेज नेटवाड़ मोरी उत्तरकाशी में व्यायाम शिक्षक तनुज शर्मा को एसटीएफ ने पहले पेपर लीक प्रकरण में गिरफ्तार किया है। जो कि जिला पंचायत सदस्य हाकम सिंह का काफी करीबी माना जा रहा है। दावा है कि हाकम सिंह के साथ तनुज शर्मा ने मिलकर कई छात्रों को एग्जाम पास कराया। साथ ही तनुज शर्मा ही हाकम सिंह का इस पूरे प्रकरण में हिसाब किताब देखता आ रहा था। अब तनुज शर्मा पर शिक्षा विभाग ने भी कार्रवाई की है। आदेश के मुताबिक मंडल अपर निदेशक महावीर बिष्ट ने आदेश जारी करते हुए व्यायाम शिक्षक तनुज शर्मा को निलंबित कर दिया है। इसके आदेश भी जारी कर दिए गए हैं। उधर उत्तरकाशी के जिला पंचायत सदस्य हाकम सिंह की गिरफ्तारी के बाद जिले के दूसरे जनप्रतिनिधि भी रडार पर हैं। सोशल मीडिया में जिले के एक विधायक और उनके भाई की संलिप्तता को लेकर भी हड़कंप मचा हुआ है। एक क्षेत्र विशेष के छात्रों का परीक्षा में सफल होना पहेली बना हुआ है। जो कि पहले से ही एसटीएफ के लिए शक का कारण माना जा रहा है। ऐसे में जल्द ही इस क्षेत्र को लेकर बड़ा खुलासा करने जा रही है। साथ ही यूपी के धामपुर में गई टीम को लौटने और वहां से यूपी के गिरोह के बारे में जानकारी इकट्ठा करने का भी इंतजार किया जा रहा है।
भ्रष्टाचार, घोटाला व दलाल संस्कृति का प्रदेश से सफ़ाये के लिए प्रतिबद्ध
यूकेएसएसएससी पेपर लीक मामले को लेकर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र प्रसाद भट्ट का बड़ा बयान सामने आया है। भट्ट ने कहा है कि भारतीय जनता पार्टी उत्तराखंड में भ्रष्टाचार, घोटाला व दलाल संस्कृति का प्रदेश से सफ़ाये के लिए प्रतिबद्ध है। भट्ट ने कहा कि प्रदेश के युवा व जुझारू ईमानदार मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी लगातार भ्रष्टाचार पर कड़ा प्रहार कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि बेरोजगारों की शिकायत का संज्ञान लेकर सीएम ने बिना देर किये कार्यवाही के निर्देश दिये और नतीजा सबके सामने है। जांच एजेंसी बिना दबाव के कार्य कर रही है और अब तक हुई कार्यवाही से यह साबित भी हो चुका है। भाजपा ने अपने चुनाव घोषणा पत्र मे भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति और पारदर्शी शासन की बात कही थी और इसी के तहत लोकप्रिय मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी विकास और सेवा कार्यो को आगे बढ़ा रहे है। भट्ट ने कहा कि भ्रष्टाचार मे कितना भी पॉवरफूल व्यक्ति क्यो न हो उसे कानून के दायरे मे लाया जाएगा। राज्य के युवाओ के हक पर डाका डालने वालो को सलाखो के पीछे डालकर मुख्यमंत्री धामी घोटालेबाजों को साफ सन्देश दे दिया है। भाजपा सरकार इस मामले में लिप्त हर व्यक्ति को सजा दिलाएगी चाहे वो किसी भी पद पर हो। सीएम धामी व भाजपा की कथनी करनी में कोई फर्क नहीं है। इसका उदाहरण भी भाजपा सरकार प्रस्तुत कर आरोपियों को जेल में डाल दिया।












Click it and Unblock the Notifications