Uttarakhand Snowfall अगले 24 घंटों के लिए भी अलर्ट, मसूरी समेत इन इलाकों में हिमपात, यहां स्कूल रहेंगे बंद
Uttarakhand Snowfall उत्तराखंड में साल की पहली बर्फबारी एक तरफ किसानों और पर्यटकों के लिए राहत लेकर आई, तो दूसरी तरफ चुनौतियां भी लेकर आई हैं। पहाड़ों में बर्फबारी से कई जगह मोटरमार्ग बंद हो गए हैं। जिससे यातायात प्रभावित हो रहा है। इस बीच मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
बागेश्वर, चमोली, देहरादून, पिथौरागढ़, रुद्रप्रयाग,उत्तरकाशी, बडकोट, पुरोला, चकराता, सोनप्रयाग, कर्णप्रयाग, बद्रीनाथ, जोशीमठ, थराली, कपकोट, बेरीनाग तथा इनके आस पास के क्षत्रो मे भारी बारिश/बर्फबारी/बर्फ़ीला तूफान (2300 मीटर और उससे अधिक ऊंचाई वाले स्थानों पर) आने की प्रबल संभावना जताई गई है।

पिथौरागढ़ में भारी बारिश और बर्फबारी के ऑरेंज को देखते हुए जिलाधिकारी ने 24 जनवरी को जिले के सभी विद्यालयों और आंगनबाड़ी केंद्रों को बंद रखने के निर्देश दिए है। टिहरी जिले में भी कल स्कूलों को बंद रखने के निर्देश जारी हुए हैं।ऐसे में शासन से लेकर प्रशासन स्तर तक शनिवार को भी भारी चुनौतियां को सामना करना पड़ सकता है।
सुबह के शुरुआती घंटों में मसूरी समेत कई ऊंचाई वाले इलाकों में सीजन की पहली बर्फबारी देखने को मिली। हल्की बारिश के बाद जैसे ही तापमान गिरा, मसूरी की पहाड़ियां, सड़कें और देवदार के पेड़ बर्फ की सफेद चादर में लिपट गए। चकराता में पर्यटक और स्थानीय लोग झूमते नाचते नजर आए।
प्रदेशभर के मौसम की बात करें तो उत्तरकाशी, टिहरी, देहरादून, चमोली, अल्मोड़ा समेत कई पहाड़ी जिलों में बर्फबारी जारी है। नई टिहरी सहित प्रसिद्ध पर्यटन स्थल धनोल्टी, सुरकंडा देवी, काणाताल, ठांगधार, नागटिब्बा, प्रतापनगर, सेम-मुखेम,सहित ऊंचाई वाले स्थानों पर जमकर बर्फबारी हुई। पर्यटकों और स्थानीय लोगों ने बर्फबारी का जमकर लुत्फ उठाया। बर्फबारी से किसानों और प्रकृति प्रेमियों ने राहत की सांस ली। नई टिहरी में करीब तीन साल बाद इस तरह की बर्फबारी हुई है।
पिथौरागढ़ जिले में आज दोपहर बाद मौसम का मिजाज बदल गया। जिले के हिमनगरी मुनस्यारी , गूंजी, नाभीढांग, कुटी, ज्योलिंगकांग और खालियाटॉप समेत सभी ऊंची चोटियों पर आज मौसम का पहला हिमपात हुआ। वहीं जिला मुख्यालय समेत सभी निचले इलाकों में बारिश जारी है।
शुक्रवार से ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बारिश और बर्फबारी का दौर जारी है। निचले इलाकों में हल्की बारिश हुई, जिससे ठिठुरन बढ़ गई है। पहली बर्फबारी से स्थानीय लोगों और पर्यटकों में उत्साह है तथा पर्यटन कारोबार को बढ़ावा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। मौसम विभाग के अनुसार आगामी दिनों में भी ठंड बने रहने की संभावना है।












Click it and Unblock the Notifications