Uttarakhand news: शराब की दुकान के बाहर पुलिस का पहरा, आंदोलन से गरमाई सियासत, जानिए कहां- क्या है पूरा प्रकरण
Uttarakhand rishikesh news:उत्तराखंड के ऋषिकेश को तीर्थनगरी और योगनगरी कहा जाता है, लेकिन इन दिनों ऋषिकेश शराब की दुकान को लेकर सबसे ज्यादा चर्चा का विषय बना हुआ है। सोशल मीडिया में ऋषिकेश की शराब की दुकान को लेकर चल रहे विवाद को खूब वायरल किया जा रहा है।
इसके अलावा पुलिस के पहरे के बीच चल रही शराब की दुकान को लेकर हर कोई इस प्रकरण को लेकर उत्सुक नजर आ रहा है, कि आखिर ऐसा क्यों हो रहा है। इलाके में हुई हत्या के बाद से इस मामले ने तूल पकड़ा और आंदोलन के साथ ही पुलिस का पहरा लग गया।

ऋषिकेश के राम झूला से लगभग एक से डेढ़ किलोमीटर दूर मुनिकीरेती के ढालवाला में एक शराब का ठेका खुला है, जिसको लेकर विवाद चल रहा है। यह शराब का ठेका साल 2018 में भारी विरोध के बाद खुला था, लेकिन अब इस पर एक बार फिर विवाद बढ़ गया है।
पिछले हफ्ते इस शराब की दुकान के पास हत्या की घटना सामने आई। अजेंद्र कंडारी नामक व्यक्ति की उसके साथी अजय ठाकुर ने विवाद के दौरान हत्या कर दी थी। जिसके बाद इसका फिर से विरोध शुरू हो गया। बताया जा रहा है कि दोनों एक साथ ही बैठे थे। घटना के तुरंत बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार भी कर लिया, लेकिन लोगों ने ठेके को ही दोषी मानकर आंदोलन शुरू कर दिया।
पांच दिनों से जारी इस अनशन को पुलिस ने अनशनकारियों की तबीयत का हवाला देकर वहां से हटा दिया। इतना ही नहीं दो लोगों की तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें एम्स ऋषिकेश में भर्ती कराना पड़ा। इसके बावजूद आंदोलनकारी अपनी मांग पर अड़े हुए हैं। आंदोलन में राजनीतिक रंग भी आने लगा है।
कांग्रेस यूकेडी के नेता भी समर्थन में ठेके के बाहर धरने पर बैठ रहे हैं। आबकारी विभाग का कहना है कि जनता की भावनाओं का सम्मान करता है, लेकिन कुछ लोग इस मुद्दे को राजनीति से जोड़कर आंदोलन भड़का रहे हैं। विरोध को देखते ठेके के बाहर पुलिस की तैनाती कर दी गई है।












Click it and Unblock the Notifications