उत्तराखंड की सियासत में मुलाकातों का दौर जारी, पीएम मोदी से लेकर सीएम धामी तक, ये मुलाकात एक बहाना या फिर...
उत्तराखंड की सियासत में इन दिनों मुलाकात का सिलसिला जारी है। दिल्ली से लेकर देहरादून तक भाजपा के सीनियर नेताओं, सांसदों और विधायकों के मुलाकात का दौर जारी है।
जिसके बाद प्रदेश की सियासत गरमा गई है। दिल्ली में सांसदों और मंत्रियों की पीएम मोदी समेत गृह मंत्रियों से मुलाकातों का दौर चल रहा है। जबकि देहरादून में सीएम पुष्कर सिंह धामी से विधायकों का मेल मुलाकात का सिलसिला चल रहा है।

माना जा रहा है कि आने वाले कुछ दिनों में धामी मंत्रिमंडल का विस्तार होना है, जिसके लिए प्रेशर पॉलिटिक्स के साथ ही अपना अपना दावा भी पेश किया जा रहा है। दिल्ली में जहां सीनियर नेता अपनों को मंत्रिमंडल में जगह देने की वकालत कर रहे हैं, वहीं देहरादून में सीएम धामी से अपनी दावेदारी जता रहे हैं। धामी कैबिनेट में इस समय चार सीटें खाली हैं। जबकि मंत्रिमंडल में बदलाव और कुछ परिवर्तन की भी अंदरखाने चर्चा है।
ऐसे में वर्तमान में धामी मंत्रिमंडल में शामिल मंत्री भी देहरादून तक दिल्ली दौड़ लगा रहे हैं। जिन विधायकों को मंत्री बनने की आस है, वे सीएम दरबार में हाजिरी लगा रहे हैं। बीते दिनों में राजपुर से विधायक खजानदास, रायपुर से विधायक उमेश शर्मा काउ, कर्णप्रयाग विधायक अनिल नौटियाल सीएम धामी से मुलाकात कर चुके हें।
माना जा रहा है कि ये सभी मंत्रिपद की दौड़ में है। दिल्ली में पीएम मोदी से कैबिनेट मंत्री धन सिंह, पूर्व सीएम तीरथ सिंह रावत, सांसद नरेश बंसल मुलाकात कर अपनी बात रख चुके हैं। इसके अलावा तीनों सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत, अनिल बलूनी, अजय भट्ट केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात कर चुके हैं। जिसमें केंद्रीय मंत्री प्रह्रलाद जोशी भी शामिल रहे। इसे भी उत्तराखंड की सियासत से जोड़ा जा रहा है। भाजपा के अंदरखाने इसे भी प्रेशर पॉलिटिक्स से जोड़ा जा रहा है। जो कि आने वाले दिनों में भाजपा के अंदर की सियासत को सरकार से लेकर संगठन तक बदलाव के संकेत दे रहा है।












Click it and Unblock the Notifications