असमाजिक तत्वों से निपटने को उत्तराखंड पुलिस के नए प्रयोग, जानिए क्या है ऑपरेशन मर्यादा और क्लीन स्वीप
चारधाम यात्रा को लेकर उत्तराखंड पुलिस चलाएगी विशेष अभियान
देहरादून, 21 अप्रैल। उत्तराखंड में अब ऑपरेशन मर्यादा और क्लीन स्वीप के जरिए उत्तराखंड पुलिस असमाजिक तत्वों से निपटने की तैयारी में है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के चारधाम यात्रा को लेकर वेरीफिकेशन ड्राइव चलाने के निर्देश के बाद उत्तराखंड पुलिस ने ये निर्णय लिया है। ऑपरेशन क्लीन स्वीप के जरिए साम्प्रदायिक तनाव फैलाने वाले व्यक्तियों को चिन्हित कर उन पर सतर्क दृष्टि रखी जाएगी, साथ ही सोशल मीडिया पर भी निगरानी अब पुलिस रखेगी। साथ ही तीर्थ स्थलों एवं गंगा किनारों पर हुड़दंग और मादक पदार्थों का सेवन करने वालों को गिरफ्तार करने और पर्यटक स्थलों पर गंदगी करने वालों के विरूद्ध जुर्माने की कार्यवाही के लिए "ऑपरेशन मर्यादा" चलाया जाएगा।

सीएम ने दिए थे निर्देश, डीजीपी ने तैयार किया प्लान
उत्तराखंड में 3 मई से चार धाम यात्रा शुरू होने जा रही है। जिसको लेकर बड़े स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं। इस बीच किसी तरह का प्रदेश में माहौल खराब न हो और यात्रा आसानी से पूरी हो सके, इसके लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बाहरी लोगों पर नजर रखने और वेरीफिकेशन के माध्यम से उपद्रवी तत्वों को चिन्हित करने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री के निर्देश पर उत्तराखंड पुलिस के डीजीपी अशोक कुमार ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए हैं विगत 10 वर्षों से उत्तराखंड में कार्यरत एवं निवास कर रहे और रेड़ी, ठेली लगाने वालों और किरायदारों आदि का भौतिक सत्यापन चलाने के लिए 10 दिन का एक सघन अभियान चलाया जाएगा। जिसकी रोज की सूचना पुलिस मुख्यालय को दी जाएगी। डीजीपी ने निर्देश दिए हैं कि साम्प्रदायिक तनाव फैलाने वाले व्यक्तियों को चिन्हित कर उन पर सतर्क दृष्टि रखी जाए। सोशल मीडिया पर भी निरंतर निगरानी रखी जाए। ऑपरेशन क्लीन स्वीप चलाये जाने के लिए भी समस्त जनपद प्रभारियों को निर्देशित किया।इसके साथ ही प्रदेश के तीर्थ स्थलों की मर्यादा और पर्यटक स्थलों पर स्वच्छता बनी रहे इसके लिए पूरे प्रदेश में तीन माह के लिए "ऑपरेशन मर्यादा" विशेष अभियान चलाया जा जाएगा। इस विशेष अभियान के अन्तर्गत तीर्थ स्थलों एवं गंगा किनारों पर हुड़दंग और मादक पदार्थों का सेवन करने वालों को तुरंत गिरफ्तार और पर्यटक स्थलों पर गंदगी करने वालों के विरूद्ध जुर्माने की कार्यवाही की जाएगी।
क्या है ऑपरेशन मर्यादा
उत्तराखंड में घूमने के बहाने आकर यहां के स्थलों पर गलत तरीके के आचरण करने वालों को अब पुलिस सबक सिखाने की तैयारी में है। इसके लिए तीर्थ,धार्मिक स्थलों एवं गंगा किनारों पर हुड़दंग, मादक पदार्थों का सेवन और पर्यटक स्थलों पर गंदगी करने वालों से पुलिस सख्ती से निपटेगी। धार्मिक स्थलों को पवित्र बनाए रखने के लिए उत्तराखण्ड पुलिस अब बाहर से आने वाले लोगों से ऑपरेशन मर्यादा को लेकर अपील कर रही है। पुलिस की ओर से अपील जारी की गई कि उत्तराखण्ड आने वाले सभी पर्यटकों का स्वागत है। उत्तराखण्ड जरूर आएं, यहां की समृद्ध संस्कृति, माँ गंगा, और सुन्दर प्रकृति का सम्मान करें। इस देवभूमि के तीर्थ, धार्मिक स्थलों की मर्यादा बनाए रखें और पर्यावरण को बचाने में अपना योगदान भी देते जाएं। तीर्थ,धार्मिक स्थलों एवं गंगा किनारों पर हुड़दंग, मादक पदार्थों का सेवन और पर्यटक स्थलों पर गंदगी करना कहीं से भी मर्यादित आचरण नहीं है। ऐसा कृत्य करने वालों से सख्ती से निपटने के लिए ही है हमारा ऑपरेशन मर्यादा चलाया जा रहा है। पुलिस की ओर से अपील की गई है कि यदि कोई व्यक्ति इस प्रकार का कृत्य करता है, तो इस संबंध में तत्काल डायल 112 पर फोन कर पुलिस को सूचना दें।












Click it and Unblock the Notifications