Uttarakhand News: चमोली में सुरंग में टकराई दो लोको ट्रेनें, THDC विद्युत परियोजना के कई मजदूर हुए घायल
Chamoli loco train accident: उत्तराखंड के चमोली जिले से बड़ी दुर्घटना की खबर सामने आई है। चमोली के THDC की विष्णुगढ़ जलविद्युत परियोजना के तहत बन रही सुरंग (टीबीएम साइट) में मंगलवार रात एक बड़ा हादसा हो गया। 30 दिसंबर 2025 की रात करीब 10 बजे सुरंग के अंदर मजदूरों को ले जा रहीं दो लोको (ट्रेनें) आपस में टकरा गईं। इस दुर्घटना में करीब 50 मजदूर घायल हो गए हैं, जिनमें से कई की हालत गंभीर बताई जा रही है।
दैनिक भाष्कर की रिपोर्ट के अनुसार यह दुर्घटना तकनीकी खराबी के कारण हुई। टक्कर इतनी तेज थी कि कई मजदूर डिब्बों के अंदर उछलकर गिर पड़े। उस समय सुरंग के भीतर लगभग 108 मजदूर काम कर रहे थे, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

अस्पताल में घायलों के भर्ती करवाया गया
हादसे की सूचना मिलते ही परियोजना प्रबंधन और स्थानीय प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। सभी घायलों को तत्काल गोपीश्वर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है। डॉक्टरों के अनुसार अधिकांश मजदूरों को अंदरूनी चोटें आई हैं, जबकि कुछ की स्थिति गंभीर बनी हुई है।
प्रशासन की ओर से मामले की जांच के आदेश दिए गए हैं। शुरुआती तौर पर इसे तकनीकी खामी से जोड़कर देखा जा रहा है, लेकिन विस्तृत जांच के बाद ही असली कारण स्पष्ट हो पाएगा। परियोजना स्थल पर फिलहाल सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की जा रही है।
पहले भी हो चुका है हादसा
गौरतलब है कि इसी विष्णुगढ़ परियोजना स्थल पर अगस्त 2025 में भूस्खलन की घटना हुई थी, जिसमें 12 मजदूर घायल हो गए थे। हालांकि प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि दिसंबर की यह घटना भूस्खलन से अलग है और सुरंग के अंदर लोको टक्कर के कारण हुई।
सवालों के घेरे में सुरक्षा इंतजाम
इस ताजा हादसे के बाद एक बार फिर टनल निर्माण में मजदूरों की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं। जिस उपकरण को मजदूरों को सुरक्षित लाने-ले जाने के लिए इस्तेमाल किया जाता है, वही इस बार हादसे की वजह बन गया।












Click it and Unblock the Notifications