Uttarakhand news: 16 IPS और 8 PPS अधिकारियों के तबादले, 4 जिलों में कप्तान बदले, किसको मिली अहम जिम्मेदारी
Uttarakhand IPS PPS transfer: उत्तराखंड में शासन ने 16 आईपीएस और आठ पीपीएस अधिकारियों के कार्यक्षेत्र में बदलाव किया है। कुछ अधिकारियों की जिम्मेदारियों में बदलाव तो चार जिलों में कप्तानों के तबादले कर दिए गए हैं। गृह विभाग ने चार जिलों के पुलिस कप्तान बदल दिए हैं।
इनमें नैनीताल, पौड़ी गढ़वाल, उत्तरकाशी और चमोली में कप्तान बदल दिए गए हैं। आईपीएस मंजूनाथ टीसी को नैनीताल और आईपीएस सर्वेश पंवार को पौड़ी गढ़वाल का एसएसपी बनाया गया है। कमलेश उपाध्याय को एसपी उत्तरकाशी और सुरजीत पंवार को चमोली का एसपी बनाया गया है।

पुलिस मुख्यालय में तैनात आला आईपीएस अधिकारियों में एडीजी डॉ. पीवीके प्रसाद से निदेशक अभियोजन की जिम्मेदारी हटा दी गई है। प्रसाद कमांडेंट जनरल होमगार्ड के ही चार्ज पर रहेंगे। अब यह जिम्मेदारी एडीजी एपी अंशुमान देखेंगे। वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी एडीजी अभिनव को कारागार के साथ अब एडीजी इंटेलीजेंस एंड सिक्योरिटी की जिम्मेदारी दी गई है। अभिनव पहले भी इस पद पर सेवाएं दे चुके हैं। एडीजी एपी अंशुमान से इंटेलीजेंस का चार्ज हटाया गया है।
एडीजी अमित कुमार सिन्हा डायरेक्टर फोरेंसिक, विशेष प्रमुख सचिव खेल एवं युवा कल्याण की जिम्मेदारी देख रहे थे। उनसे निदेशक फोरेंसिक हटा लिया गया है। आईजी विम्मी सचदेवा से मानवाधिकार का चार्ज हटाया गया है। आईजी मुख्यालय की जिम्मेदारी बनी रहेगी। आईजी डॉ. नीलेश आनंद भरणे से कानून व्यवस्था का चार्ज हटाकर अब निदेशक फोरेंसिक की जिम्मेदारी दी गई है। इसके साथ-साथ उनके पास आईजी साइबर, एसटीएफ और एएनटीएफ का चार्ज भी रहेगा।
आईजी अनंत शंकर ताकवाले को ट्रेनिंग के साथ अब आईजी मानवाधिकार की जिम्मेदारी दी गई है। आईजी सुनील कुमार मीणा को अब कानून व्यवस्था और जीआरपी का चार्ज दिया गया है। एसएसपी नैनीताल रहे प्रह्लाद नारायण को एसपी विजिलेंस मुख्यालय बनाया गया है। उनके स्थान पर अब एसएसपी मंजूनाथ टीसी नैनीताल जिला कप्तान होंगे।
एसएसपी सीआईडी यशवंत को ट्रांसफर कर 31 बटालियन पीएसी का सेनानायक बनाया गया है। लोकेश्वर सिंह का हाल ही में यूएन की एक संस्था में चयन हुआ था, उन्हें ट्रांसफर कर एसपी मुख्यालय बनाया गया है। उनके स्थान पर एसपी चमोली सर्वेश पंवार को पौड़ी की जिम्मेदारी दी गई है। उनके स्थान पर चमोली जिला पुलिस कप्तान की जिम्मेदारी अब एसपी सुरजीत पंवार देखेंगे। एसपी उत्तरकाशी सरिता डोबाल का भी ट्रांसफर इंटेलीजेंस मुख्यालय कर दिया गया है। उत्तरकाशी एसपी अब कमलेश उपाध्याय को बनाया गया है।
एएसपी पंकज गैरोला को हरिद्वार एसपी सिटी से ट्रांसफर कर एसपी विकासनगर (एसपी देहात-2 देहरादून) बनाया गया है। अभय कुमार सिंह को अब एसपी सिटी हरिद्वार की जिम्मेदारी दी गई है। एएसपी प्रकाश चंद को हल्द्वानी से ट्रांसफर कर उप प्रधानाचार्य पीटीसी नरेंद्रनगर भेजा गया है। उनके स्थान पर अब एएसपी हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल को भेजा गया है।
रेनू लोहानी एसपी विकासनगर से ट्रांसफर कर आईआरबी द्वितीय भेजी गई हैं। एएसपी स्वप्न किशोर सिंह को एसपी एसटीएफ से ट्रांसफर कर एएसपी काशीपुर बनाया गया है। एएसपी मनीषा जोशी उप सेनानायक आईआरबी प्रथम रामनगर से ट्रांसफर कर उपसेनानायक पीएसी हरिद्वार भेजा गया है। एएसपी कमला बिष्ट अब सीआईडी से हटाकर एएसपी विजिलेंस नैनीताल की जिम्मेदारी देखेंगी।












Click it and Unblock the Notifications