उत्तराखंड के स्वास्थ्य सचिव अमित नेगी हुए कोरोना संक्रमित, 496 नए मरीज मिले
देहरादून। कोरोना वायरस संक्रमण का ग्राफ उत्तराखंड में तेजी से बढ़ता जा रहा है। राज्यमंत्री रेखा आर्य के बाद अब उत्तराखंड के स्वास्थ्य सचिव अमित नेगी में भी कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई है। बता दें, स्वास्थ्य सचिव अमित नेगी का सैंपल कोरोना जांच के लिए मंगलवार सुबह लिया गया था, जिसकी रिपोर्ट अब आ गई है। तो वहीं, प्रदेश में 496 और लोग संक्रमित मिले हैं।

स्वास्थ्य सचिव अमित नेगी के कोरोना संक्रमित पाए जाने के बाद वो होम आइसोलेशन में चले गए हैं। बता दें कि कोरोना वायरस संक्रमण की रोकथाम के लिए सचिव स्वास्थ्य लगातार लगे थे। तमाम सावधानी और सतर्कता बरतने के बावजूद उन्हें कोविड ने अपनी जद में ले लिया। उनसे पहले भी सचिवालय में कई नौकरशाह कोरोना संक्रमित हो चुके हैं। पिछले दिनों ही स्वास्थ्य महानिदेशक के भी कोरोना संक्रमित होने की खबर आई थी।
496 नए मरीज मिले
बीते 24 घंटे के अंदर उत्तराखंड में 11 और कोरोना वायरस संक्रमित मरीजों की मौत हो गई है। जबकि 496 नए लोगों में कोरोना वायरस की पुष्टि हुई है। प्रदेश के स्वास्थ्य विभाग द्वारा जारी बुलेटिन के अनुसार, 12205 सैंपलों की जांच रिपोर्ट निगेटिव आई है। तो वहीं, पिछले 24 घंटे में 177 लोग देहरादून जिले में संक्रमित मिले हैं, जो सर्वाधिक है। जबकि नैनीताल में 104, पिथौरागढ़ में 60, ऊधमसिंह नगर में 25, उत्तरकाशी में 24, हरिद्वार में 18, पौड़ी व चमोली में 17-17, अल्मोड़ा में 16, चंपावत व टिहरी में 13-13, बागेश्वर में आठ और रुद्रप्रयाग जिले में चार संक्रमित मिले हैं। वहीं, 524 मरीजों को ठीक होने के बाद घर भेजा गया है। अब तक कुल 75049 मरीज उपचार के बाद स्वस्थ हो चुके हैं और उपचाराधीन मामलों की संख्या 6089 है।












Click it and Unblock the Notifications