Uttarakhand Forest Fire:पहाड़ को जलाकर भस्म करना है... बिहार के तीन युवकों का वीडियो वायरल,जानिए इसकी वजह
उत्तराखंड में इन दिनों वनाग्नि सबसे बड़ी चुनौती बनकर सामने आ रही है। ऐसे में एक तरफ जहां सरकार इस समस्या को लेकर गंभीरता से काम कर रही है, वहीं दूसरी तरफ कुछ लोग इस दौरान सस्ती लोकप्रियता के चक्कर में इस तरह की घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं।
वीडियो को वायरल करने के पीछे सोशल मीडिया में लोकप्रियता हासिल करने की बात सामने आई है। पुलिस ने इसमें तीन बिहार के लोगों को गिरफ्तार किया है।

ऐसा ही एक मामला चमोली जिले से सामने आया है। यहां कुछ अराजक तत्वों ने सोशल मीडिया पर वनाग्नि को बढ़ावा देने के उद्देश्य से वीडियो बनाकर वायरल कर दिया। इस पर पुलिस ने संज्ञान लेते हुए कार्रवाई की है।
सोशल मीडिया पर वनाग्नि को बढ़ावा देने के उद्देश्य से बनाई वीडियो का संज्ञान लेते हुए पुलिस ने तीन युवाओं को गिरफ्तार किया है। पुलिस की जांंच में वीडियो पांडवाखाल, गैरसैंण चमोली का होना पाया गया।
वीडियो तेजी से सोशल मीडिया में वायरल हो रहा है, जिसमें कुछ युवक वनाग्नि को बढ़ावा देते हुए नजर आ रहे हैं। वीडियो में युवक कहते हुए सुनाई दे रहा है कि हमारा काम है आग लगाना और आग से खेलना। साथ ही कह रहे हैं कि हम इसी काम के लिए आए हैं। हमें पहाड़ को भस्म करना है।
इस वीडियो का चमोली पुलिस ने संज्ञान लेते हुए जांच पड़ताल की, जिसमें वीडियो चमोली का होना पाया गया। पुलिस अधीक्षक सर्वेश पंवार के निर्देश पर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए बृजेश कुमार, सलमान व शुखलाल, तीनों बिहार निवासी को गिरफ्तार कर धारा 26 भारतीय वन अधिनियम के तहत सार्वजनिक संपत्ति नुकसान निवारण अधिनियम में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
पूछताछ में युवकों ने बताया कि सोशल मीडिया पर लोकप्रियता हासिल करने के लिए उन्होंने यह वीडियो अपलोड किया था। पुलिस अधीक्षक सर्वेश पंवार ने वनों को आग से बचाने की अपील की है। उन्होंने कहा कि घटना वाले क्षेत्रों में आग बुझाने की सबसे पहले जिम्मेदारी स्थानीय निवासियों की है। आग लगने पर वन विभाग व फायर सर्विस को सूचित करें।












Click it and Unblock the Notifications