उत्तराखंड में किस पार्टी को मिला कितना वोट शेयर, देखिए पूरा आंकड़ा
देहरादून, 10 मार्च। गुरुवार सुबह उत्तराखंड समेत पांच राज्यों के लिए हुए विधानसभा चुनाव की मतगणना शुरू हुई। शाम तक जारी नतीजों से ये साफ हो चुका है कि उत्तराखंड में एक बार फिर से भारतीय जनता पार्टी की प्रचंड बहुमत की सरकार आ रही है।

राज्य की 70 सदस्यों वाली विधानसभा के लिए हुए चुनाव में भाजपा को 47 सीट मिल रही है जबकि मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस को अभी तक के रुझानों में 19 सीट मिल रही हैं। बहुजन समाज पार्टी को 1 सीट पर जीत मिली है जबकि दो निर्दलीय प्रत्याशी आगे चल रहे हैं। आइए देखते हैं उत्तराखंड में किस पार्टी को कितने प्रतिशत वोट हासिल हुआ है।
बीजेपी को 44.34% वोट
चुनाव आयोग की वेबसाइट पर जारी आकंड़ों से पता चलता है कि उत्तराखंड में बीजेपी एक बार फिर से सबसे बड़ी पार्टी बनी है। बीजेपी ने चुनाव में 44.34 प्रतिशत वोट हासिल किए हैं। वहीं मुख्य प्रतिद्वंद्वी कांग्रेस दूसरे नंबर पर रही है और उसे 37.91 प्रतिशत वोट मिले हैं।
राज्य में एक सीट पर जीत हासिल करने वाली बीएसपी को 4.82 प्रतिशत वोट हासिल हुए हैं। राज्य में बड़ी उम्मीद लगाकर चुनाव में आम आदमी पार्टी हालांकि कोई सीट जीतने में तो सफल नहीं हो पाई है लेकिन पार्टी वोट शेयर के मामले में चौथे नंबर पर पहुंच गई है। आम आदमी पार्टी ने 3.31 प्रतिशत वोट हासिल किए हैं।
वोट शेयर की बात करें तो 0.87 प्रतिशत लोगों ने नोटा का बटन दबाया है। एआईएमआईएम ने भी अपने प्रत्याशी उतारे थे और उसे राज्य में 0.03 प्रतिशत वोट मिले हैं। सपा को 0.29%, सीपीआई 0.04, सीपीआईएम 0.04 प्रतिशत, आरएलडी को 0.01 प्रतिशत वोट मिले हैं। राज्य में अन्य को 8.31 प्रतिशत वोट हासिल हुए हैं।












Click it and Unblock the Notifications