Uttarakhand weather: देहरादून समेत 8 जिलों में तेज बारिश के साथ ओलावृष्टि की चेतावनी, यहां बर्फबारी का अलर्ट
Uttarakhand weather: उत्तराखंड में आज सुबह से ही मौसम का मिजाज बदला हुआ है। बारिश और बर्फबारी को लेकर मौसम विभाग ने अलर्ट जारी किया है, जो कि 8 अक्टूबर तक रहने के आसार हैं। ऐसे में आने वाले दिनों में ठंड का एहसास हो सकता है।
मौसम विभाग ने देहरादून समेत आठ जिलों में आज तेज दौर की बारिश के साथ ओलावृष्टि की चेतावनी जारी की है। जबकि चार हजार मीटर से अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी होने की संभावना है।मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार निम्न दबाव बनने के कारण उत्तराखंड में आठ अक्तूबर तक तेज बारिश होने की संभावना है।

खासकर छह और सात अक्तूबर को प्रदेश के अधिकतर हिस्साें में भारी से भारी बारिश की चेतावनी है। जबकि ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी के भी आसार हैं। मौसम विज्ञान केंद्र की ओर से देहरादून समेत उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, पिथौरागढ़, बागेश्वर, टिहरी और हरिद्वार जिले के कुछ हिस्सों में तेज दौर की बारिश के साथ ओलावृष्टि का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
जबकि इन जिलों के कुछ इलाकों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं भी चलने के आसार हैं। अन्य पांच जिलों में बारिश और तेज हवाएं चलने का येलो अलर्ट जारी किया गया है। आने वाले दिनों की बात करें तो प्रदेश भर में आठ अक्तूबर तक मौसम का मिजाज बदला हुआ रहने के आसार हैं। देहरादून में आज सुबह से ही बारिश का दौर शुरू हो गया है। जो कि आने वाले दिनों तक जारी रह सकता है।
भारतीय मौसम विभाग देहरादून की ओर से पांच से सात अक्तूबर के बीच चमोली जिले में भारी से भारी बारिश होने की संभावना व्यक्त की गई है। जिसके चलते चमोली जिला प्रशासन ने जिले के उच्च हिमालयी क्षेत्रों में ट्रैकिंग और निर्माण कार्यों पर दो दिन के लिए रोक लगा दी है। इस संबंध में अपर जिलाधिकारी विवेक प्रकाश की ओर से आदेश जारी किए गए हैं। छह अक्तूबर को भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना व्यक्त की गई है। इसे देखते हुए उच्च हिमालयी क्षेत्र में ट्रैकिंग की अनुमति न दी जाए। यदि पहले से किसी को ट्रैकिंग की अनुमति दी गई है तो उसे रोक दिया जाए।












Click it and Unblock the Notifications