उत्तराखंड आपदा के गहरे जख्म, जमींदोज हुए मकान से अपनों की एक झलक देखने को पथराई आंखे
देहरादून: सरखेत में दो मंजिला घर मलबे के नीचे दबा, 5 लापता
देहरादून, 23 अगस्त। देहरादून के सरखेत में अतिवृष्टि से भारी नुकसान हुआ है। सरखेत में दो मंजिला घर पूरी तरह मलबे के नीचे दब गया। इसमें पांच लोगों के दबे होने की आशंका है। इस आपदा में किसी तरह बच निकले रमेश सिंह कैंतुरा को अब मकान के हिस्से का दिखने का इंतजार है। उनके मकान में उनका बेटा सहित चार लोग मलबे में दबे हुए हैं अभी तक बाहर नहीं निकाले गए।

गांव का एक मकान जमींदोज, एक ही परिवार के 5 लोग लापता
उत्तराखंड में आई आपदा ने अपने साथ कई दुख के पहाड़ छोड़ गई है। सबसे ज्यादा नुकसान देहरादून के सरखेत में हुई है। इस गांव का एक मकान जमींदोज हो गया। जिसमें एक ही परिवार के 5 लोग लापता हैं। जिसका अब तक नामोनिशान हाथ नहीं लगा है। एनडीआरएफ की टीम लगातार मकान को लेकर सर्च ऑपरेशन चला रही है। रविवार देर शाम को यहां एक पोकलेन मशीन को खोदाई कार्य पर लगाया गया था। सोमवार दोपहर दो पोकलेन मशीनों से यहां पर खोदाई कराई गई। मशीन से करीब 20 मीटर की दूरी से मकान तक पहुंचने के लिए खोदाई का कार्य चल रहा है।दोपहर बाद इस मकान की छत का कुछ हिस्सा नजर आया। देर रात तक यहां मशीनों से खोदाई चलती रही। सिटी मजिस्ट्रेट कुश्म चौहान ने बताया कि पोकलैन मशीन से खोदाई के दौरान दबे हुए मकान की छत का कुछ हिस्सा नजर आया है। जिससे अब मकान में दबे लोगों के मिलने की उम्मीद भी जग गई है।

दो मंजिला घर, मलबे में एक मकान पूरी तरह दब गया
सरखेत में जगमोहन और दिनेश दोनों भाई हैं। सरखेत में उनके दो मंजिला घर आसपास थे। घटना वाली रात तेजी से पानी के साथ आए मलबे में एक मकान पूरी तरह दब गया। दूसरे की एक मंजिल नीचे दब गई। जिन्हें मौका मिल सका, उन्होंने बचने की कोशिश की। दिनेश, उनकी पत्नी सुनीता, बच्चे और मां सोन देई, रमेश सिंह किसी तरह बच निकले। दिनेश, सुनीता और सोन देई को घायल अवस्था में मैक्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है।जबकि रमेश का 15 वर्षीय बेटा विशाल, दिनेश के भाई जगमोहन सिंह, जैंत्वाड़ी टिहरी गढ़वाल से घटना के दिन ही आए उनके साढ़ू राजेंद्र राणा, राजेंद्र की पत्नी अनीता, रमेश के साले सुरेंद्र लापता हो गए। उनका अब तक पता नहीं चल सका।

गढ़वाल मण्डल में 04 व्यक्तियों की मृत्यु, 14 लोग लापता
गढवाल मण्डल आयुक्त सुशील कुमार के अनुसार जनपद देहरादून, टिहरी, पौड़ी गढवाल में शुक्रवार रात्रि हुई अतवृष्टि में हुए नुकसान के सम्बन्ध में नुकसान का आकलन करने के निर्देश दिए गए। खोजबीन,सर्च कार्य जारी है। आपदा प्रभावितों को राहत सामग्री उपलब्ध कराई गई है। उन्होंने जानकारी देते हुए बताया कि 04 जनहानि हुई है। गढ़वाल मण्डल में अभी तक प्राप्त सूचना के अनुसार कुल 04 व्यक्तियों की मृत्यु हुई है, जिनमें से टिहरी जनपद में 02 और देहरादून जनपद में 01 ,पौड़ी जनपद में 01 व्यक्ति की मृत्यु हुई है। जबकि 14 लोग लापता हैं। जनपद टिहरी से 07, जनपद देहरादून से 07 लोग लापता है। लापता लोगों की खोजबीन का कार्य गतिमान है। एक राजकीय हेलीकाप्टर बचाव कार्य में तैनात है। एनडीआरएफ के 39 एसडीआरएफ 64 जवानों के अलावा पुलिस, राजस्व व स्वास्थ्य विभाग की टीमें बचाव व राहत कार्यों में लगी हैं। आपदा से हुई कृषि नुकसान का आकलन करने के लिए राजस्व की टीम लगाई गई है।












Click it and Unblock the Notifications