Uttarakhand: फिर डराने लगा कोरोना, प्रदेशभर में 309 नए केस, हरिद्वार जिला जेल में 43 कैदी कोरोना पॉजिटिव
उत्तराखंड: कोरोना के 309 नए मरीज मिले, 3 संक्रमितों की मौत
देहरादून, 4 अगस्त। उत्तराखंड में एक बार फिर कोरोना डराने लगा है। बुधवार को कोरोना के 309 नए मरीज मिले और तीन संक्रमितों की मौत हो गई। देहरादून में सबसे ज्यादा 162 नए मरीज मिले हैं। जिसके बाद प्रदेश में एक्टिव मरीजों की संख्या 1790 हो गई है। हरिद्वार जिला जेल में 43 कैदी कोरोना पॉजिटिव हुए हैं। जिससे हड़कंप मचा हुआ है। कोरोना के बढते केस को देखते हुए स्कूलों के लिए भी कोविड का गाइडलाइन फॉलो करने के निर्देश दिए हैं।

देहरादून में 162 नए मरीज मिले
बुधवार को स्वास्थ्य विभाग की रिपोर्ट के अनुसार देहरादून में 162, नैनीताल में 58 ,अल्मोड़ा में 12 ,बागेश्वर में 8, चमोली में 3, चम्पावत में 5, हरिद्वार में 17 ,पौड़ी में 11 ,पिथौरागढ़ में 04 ,रुद्रप्रयाग में 14, टिहरी में 5, यूएस नगर में 10 नए मरीज मिले हैं। बुधवार को राज्य भर से 2843 सैंपल जांच के लिए भेजे गए, 2124 सैंपलों की रिपोर्ट आई है। एम्स ऋषिकेश में 2 जबकि हल्द्वानी मेडिकल कॉलेज में एक संक्रमित की मौत हो गई। राज्य में कोरोना संक्रमण की दर 12 70 प्रतिशत जबकि मरीजों के ठीक होने की दर 94 प्रतिशत चल रही है।
जिला जेल में 43 कैदी कोरोना पॉज़िटिव
स्वास्थ्य विभाग की बुधवार को आई रिपोर्ट के अनुसार हरिद्वार जिले में जिला जेल में 43 कैदी कोरोना पॉज़िटिव हुए हैं। जिला जेल में 28 और 29 जुलाई को हेपेटाइटिस जांच के लिए कैंप लगाया गया था। इस दौरान कैदियों के सैंपल भी लिए गए थे। जब कोरोना जांच हुई तो जेल में बंद कईकैदी कोरोना पॉजिटिव मिले। जेल के वरिष्ठ अधीक्षक ने कहा जेल के लगभग सभी 600 कैदियों का आरटीपीसीआर कराया गया जिसमें से कुछ कैदी पॉज़िटिव हुए हैं। उनका उपचार किया जा रहा है। गाइडलाइन के मुताबिक उनका आइसोलेशन पीरियड खत्म हो गया है। जेल प्रशासन का दावा है कि आइसोलेशन पीरियड कैदियों का पूरा हो चुका है। एहतियात के तौर पर दो दिनों तक आइसोलेशन किया जाएगा।हालांकि मीडिया रिपोर्ट में दो दिनों में लगातार रिपोर्ट आने के बाद 70 से ज्यादा रिपोर्ट पॉजिटिव आने का दावा किया जा रहा है। जिसकी अब तक पुष्टि नहीं है। इनमें से कई कैदियों का आइसोलेशन पूरा होने और कुछ के रिहा होने की भी खबरें हैं।
स्कूलों के लिए भी कोविड का गाइडलाइन फॉलो करने के निर्देश
राजधानी दून समेत जिले में कोरोना का ग्राफ बढ़ने पर स्वास्थ्य महकमा अलर्ट हो गया है। विभाग की ओर से सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करने के साथ ही कोरोना गाइडलाइन का कड़ाई से पालन के निर्देश जारी किए गए हैं। कोरोना के बढते केस को देखते हुए स्कूलों के लिए भी कोविड का गाइडलाइन फॉलो करने के निर्देश दिए हैं।
मुख्य शिक्षा अधिकारी को पत्र लिखकर अनुरोध किया गया कि स्कूलों में भी गाइडलाइन का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाय। सीएमओ ने जिला अस्पताल कोरोनेशन, उप जिला अस्पतालों ,के चिकित्सा अधीक्षकों के साथ ही सीएचसी को निर्देशित किया कि कोरोना मरीज के इलाज की व्यवस्थाओं को दुरुस्त कर लें। सीएमओ की ओर से जारी आदेश में कोरोना के साथ ही डेंगू बीमारी से निपटने को लेकर भी सारे एहतियाती कदम उठाने के निर्देश जारी किए गए हैं।












Click it and Unblock the Notifications