करतार सिंह के समर्थन में मंगलौर पहुंचे सीएम धामी, मंच से कांग्रेस को कुछ यूं लिया आड़े हाथों
Uttarakhand News: उपचुनाव में भाजपा प्रत्याशी करतार सिंह भडाना के पक्ष में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी मंगलौर पहुंचे। यहां आयोजित जनसभा को संबोधित किया। सीएम धामी ने कहा कि मंगलौर विधानसभा उपचुनाव में भाजपा प्रत्याशी करतार सिंह भडाना ने इस क्षेत्र की सेवा का संकल्प लिया है। सुशासन और विकास की गंगा को बहाने के लिए करतार सिंह भडाना तैयार हैं।
मंच से बोलते हुए सीएम धामी ने कहा कि पिछले विधानसभा चुनाव में उत्तराखंड की जनता ने मिथक तोड़ने का कार्य करते हुए भाजपा को दोबारा सत्ता में लाने का कार्य किया। यहां की देवतुल्य जनता का उत्साह देखकर लग रहा है कि मंगलौर के भी सारे मिथक टूटने वाले हैं और करतार सिंह जी भारी मतों से विजयी होने वाले हैं।

मंगलौर क्षेत्र के विकास के लिए हम लगातार कार्य कर रहे हैं। विभिन्न विकास योजनाओं के द्वारा इस क्षेत्र का सर्वांगीण विकास हमारे द्वारा किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि मंगलौर विधानसभा के भीतर जितने भी धार्मिक स्थल हैं उन सभी का नवनिर्माण होगा। बालिकाओं की शिक्षा को मजबूत बनाने के लिए इस क्षेत्र में उच्च शिक्षा की बेहतर व्यवस्था की जाएगी।
कांग्रेस पार्टी को आड़े हाथों लेते हुए सीएम धामी ने कहा कि 60 वर्षों से अधिक समय तक इस देश में कांग्रेस पार्टी का शासन काल रहा है लेकिन इन्होंने इस देश को भ्रष्टाचार और परिवारवाद का दंश देने का कार्य किया। प्रदेश का मुख्य सेवक होने के नाते मैं आप सभी को यह विश्वास दिलाने के लिए आपके बीच आया हूं कि वंचित समाज के विकास के लिए एक क्षण भी रुके बिना अनवरत रूप से हम कार्य कर रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications