"श्रमिक कानून में किए गए कई बदलाव", CM धामी ने कहा मजदूरों के पसीने में है दुनिया जोड़ने की ताकत
उत्तराखंड की शीतकालीन राजधानी देहरादून में आज 'आदर अभिनंदन, आभार मिशन सिल्कियारा' कार्यक्रम का आयोजन किया गया। सीएम कैंप कार्यालय में आयोजित इस कार्यक्रम में उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी मुख्य अथिति रहे।
कार्यक्रम के दौरान सभी को संबोधित करते हुए सीएम ने कहा कि राज्य और केंद्र सरकार श्रमिकों के लिए लगातार काम कर रही है। केंद्र सरकार ने श्रम कानूनों में कई बदलाव भी किये हैं।

उन्होंने कहा,"आप सब के कारण एक बेहरत और समृद्ध भारत की नीव तैयार हो रही है। आप सच्चे रूप में भारत के राष्ट्र निर्माता हैं।" धामी ने आगे कहा, "श्रमेव जयते के मंत्र को ध्यान में रख कर हमारे केंद्र और राज्य की सरकार पीएम मोदी के नेतृत्व में श्रमिक भाइयों के कल्याण के लिए निरंतर प्रयास कर रही है।"
उन्होंने कहा कि दुनिया को जोड़ने के लिए सबसे बड़ा मंत्र श्रमिक भाइयों का पसीना है जिसमें पूरी दुनिया पूरे देश की नीव को जोड़ने की क्षमता है। पुष्कर सिंह धामी ने बताया, "केंद्र सरकार ने मजदूर भाइयों के कल्याण के लिए अनेकों योजनाएं बनाई हैं। श्रम कानून में भी बदलाव किए गए हैं।" उन्होंने बताया, "कभी 15 रुपए, 50 या 100 रुपए मासिक पेंशन पाने वाले श्रमिकों को अब न्यूनतम 1000 रुपए प्रति माह पेंशन देने की व्यवस्था की गई है। इसके अलावा श्रम सुविधा पोर्टल की शुरुआत की गई है। जिसके अंतर्गत 8 श्रम कानूनों का एक-एक कर सरलीकरण का काम किया गया है।"
उन्होंने आगे बताया कि अब हर एक श्रमिक को एक यूनिक आइडेंटिफिकेशन नंबर भी दिया जा रहा है ताकि उनकी पहचान हो सके। इसके जरिये मजदूरों को सरकारी योजनाओं का लाभ मिल सकेगा। इसके साथ ही उन्होंने बताया कि एक नेशनल सर्विस पोर्टल भी बनाया गया है। इस पोर्टल के जरिए श्रमिक और नियोजक के बीच तालमेल हो सकेगा।












Click it and Unblock the Notifications