तो अब केदारनाथ धाम जाने के लिए हवाई यात्रा नहीं कर पाएंगे यात्री, ये है वजह
दीवाली तक केदारनाथ हेली सेवा की ऑनलाइन बुकिंग फुल
देहरादून, 9 सितंबर। केदारनाथ यात्रा में हेली सर्विस को लेकर प्लानिंग कर रहे यात्रियों को फिलहाल सर्विस उपलब्ध नहीं है। दीवाली तक केदारनाथ हेली सेवा की ऑनलाइन बुकिंग फुल हो चुकी है। केदारनाथ धाम में इस साल अब तक 11 लाख तीर्थयात्री दर्शन कर चुके हैं। इसमें 92 हजार यात्री हेली सेवा के माध्यम से केदारनाथ पहुंचे। ऐसे में केदारनाथ यात्रा करने वाले अधिकतर श्रद्धालुओं में हेली सर्विस को लेकर खासा उत्साह रहता है। लेकिन फिलहाल इस सीजन में अब हेली सर्विस का कम ही लाभ मिलने की उम्मीद है। इसके बाद कपाट बंद करने की प्रक्रिया शुरू हो जाती है।

16 सितंबर से 24 अक्तूबर तक के लिए टिकटों की बुकिंग
उत्तराखंड नागरिक उड्डयन विकास प्राधिकरण,यूकाडा, ने एक सितंबर से केदारनाथ हेली सेवा की ऑनलाइन बुकिंग शुरू की थी। जिसमें 16 सितंबर से 24 अक्तूबर तक के लिए टिकटों की बुकिंग की गई। एक सप्ताह के भीतर ही दीवाली तक ऑनलाइन बुकिंग फुल हो गई है।

गुप्तकाशी, सिरसी और फाटा से हेली सेवाएं
केदारनाथ धाम के लिए हेली सेवाएं गुप्तकाशी, सिरसी और फाटा से संचालित होती है। यूकाडा ने प्रतिदिन की क्षमता के आधार पर 70 प्रतिशत टिकटों की ऑनलाइन बुकिंग की व्यवस्था की है। जबकि 30 प्रतिशत टिकट हेली कंपनियों के माध्यम से ऑफलाइन बुक की जाती है।

11 लाख तीर्थयात्रियों ने बाबा केदार के दर्शन कर रिकॉर्ड कायम कर लिया
उत्तराखंड की चारधाम यात्रा में इस बार कई रिकॉर्ड टूटे हैं। इसी तरह केदारनाथ यात्रा में 11 लाख तीर्थयात्रियों ने बाबा केदार के दर्शन कर एक नया रिकॉर्ड कायम कर लिया है। इससे पूर्व 2019 में 10 लाख यात्री बाबा के दर पर पहुंचे थे। अभी करीब डेढ़ माह की यात्रा शेष बची हुई है। ऐसे में यह आंकड़ा और ज्यादा बढ़ने की उम्मीद है।

प्रत्येक दिन सात से आठ हजार भक्त केदारनाथ पहुंच रहे
कोविडकाल के बाद पहली बार चारधाम यात्रा किसी बाधा के संचालित हुई है। ऐसे में इस बार श्रद्धालुओं का हुजूम उमड़ा है। करीब साढ़े 4 माह में 11 लाख तीर्थ यात्री केदारनाथ पहुंचे हैं। प्रत्येक दिन सात से आठ हजार भक्त केदारनाथ पहुंच रहे हैं। यहां हेली सर्विस का भी कई यात्री लाभ उठा रहे हैं।

चारधाम यात्रा में दर्शन करने वालों का आंकड़ा 33 लाख पार
चारधाम यात्रा में दर्शन करने वालों का आंकड़ा 33 लाख पार
इस बार तीन मई को गंगोत्री व यमुनोत्री धाम के कपाट खुलने के साथ ही चारधाम यात्रा शुरू हुई थी। केदारनाथ धाम के कपाट छह मई और बदरीनाथ धाम के कपाट आठ मई को खुले थे। अब तक चारधामों में 33 लाख से अधिक तीर्थयात्री दर्शन कर चुके हैं। सितंबर माह के लिए पांच लाख से अधिक तीर्थयात्रियों ने चारधाम यात्रा के लिए पंजीकरण कराया है।












Click it and Unblock the Notifications