9 मार्च से 13 मार्च तक गैरसेंण में होगा उत्तराखंड का बजट सत्र, जानिए कब पेश होगा बजट
Uttarakhand budget session 2026 उत्तराखंड का विधानसभा 2026 बजट सत्र 9 मार्च से 13 मार्च तक गैरसेंण में आयोजित होगा। 11 मार्च को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी बजट पेश करेंगे। सरकार की ओर से इसको लेकर आदेश जारी कर दिए गए हैं। बजट सत्र के पहले दिन राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेनि.) का अभिभाषण होगा।
सत्र के दूसरे दिन यानी 10 मार्च को राज्यपाल के अभिभाषण पर चर्चा की जाएगी। विधानसभा बजट सत्र के तीसरे दिन यानी 11 मार्च को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी बतौर वित्त मंत्री आगामी वित्तीय वर्ष 2026- 27 का बजट सदन के पटल पर रखेंगे।

जारी किए गए आदेश के अनुसार, उत्तराखंड की ग्रीष्मकालीन राजधानी गैरसैंण स्थित भराड़ीसैंण विधानसभा भवन में बजट सत्र आगामी 9 मार्च से 13 मार्च 2026 तक आहूत किया जाएगा। प्रमुख सचिव ने विधानसभा सचिव को पत्र भेजकर विधानसभा बजट सत्र से संबंधित अग्रिम कार्रवाई करने का अनुरोध किया है।
बता दें कि विधानसभा बजट सत्र को लेकर 15 जनवरी 2026 को हुई धामी मंत्रिमंडल की बैठक के दौरान चर्चा की गई थी। उस दौरान मंत्रिमंडल ने विधानसभा बजट सत्र की तिथियों और स्थान के चयन के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को अधिकृत कर दिया था। इसके बाद 21 जनवरी को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जानकारी दी कि आगामी विधानसभा बजट सत्र उत्तराखंड की ग्रीष्मकालीन राजधानी गैरसैंण के भराड़ीसैंण स्थित विधानसभा भवन में आहूत किया जाएगा।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की सहमति के बाद मंगलवार को विधायी एवं संसदीय कार्य विभाग के प्रमुख सचिव की ओर से विधानसभा सचिव को पत्र भेजकर अवगत कराया गया है कि 9 से 13 मार्च 2026 तक सत्र/आय-व्ययक अधिवेशन आहूत किया जाएगा। पत्र के माध्यम से विभाग ने विधानसभा सचिव से आग्रह किया है कि आगामी विधानसभा सत्र की तैयारी शुरू कर दें। उत्तराखंड सरकार ने पिछले साल 2025 में भी उत्तराखंड की ग्रीष्मकालीन राजधानी गैरसैंण में विधानसभा बजट सत्र करवाने का निर्णय लिया था, लेकिन पिछले साल भराड़ीसैंण स्थित विधानसभा भवन के मेंटेनेंस का काम चल रहा था।
जिसके चलते देहरादून स्थित विधानसभा भवन में बजट सत्र को आहूत किया गया। वर्तमान समय में भराड़ीसैंण स्थित विधानसभा भवन के मेंटेनेंस का काम पूरा हो चुका है। साथ ही सरकार ने इस साल गैरसैंण में ही विधानसभा बजट सत्र आहूत करने की तैयारी कर ली है। सत्र की घोषणा होते ही विपक्ष ने भी तैयारियां शुरू कर दी है। भ्रष्ट्राचार, कानून व्यवस्था समेत कई मुद्दों पर सरकार को घेरने की रणनीति तैयार की जा रही है।












Click it and Unblock the Notifications