Uttarakhand: इन तस्वीरों ने भाजपा के अंदर बढ़ाई बैचेनी, नए प्रदेश अध्यक्ष को लेकर सोशल मीडिया में अटकलें तेज
उत्तराखंड में भी भाजपा प्रदेश अध्यक्ष के बदलने की सुगबुगाहट तेज
देहरादून, 29 जुलाई। उत्तर प्रदेश में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष के इस्तीफे के बाद अब पड़ोसी राज्य उत्तराखंड में भी भाजपा प्रदेश अध्यक्ष के बदलने की सुगबुगाहट तेज हो गई है। वर्तमान प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक की जगह गढ़वाल से ब्राह्रमण चेहरा लाने की चर्चा सोशल मीडिया में तेज हो गई है। भाजपा के दो विधायकों के दिल्ली जाने से ये चर्चा जोेर पकड़ रही है। जिनकी हाईकमान से मुलाकात की तस्वीरें सोशल मीडिया में वायरल हो रही हैं। जिस वजह से नए प्रदेश अध्यक्ष की अटकलें तेज हो गई है।

राजपुर विधायक मिले राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बीएल संतोष से
उत्तराखंड में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष को बदलने लेकर विधानसभा चुनाव के बाद से ही लगातार सियासी अटकलें लगाई जा रही हैं। बीच में कुछ दिनों तक ये मामला शांत रहा, लेकिन एक बार फिर दो विधायकों के दिल्ली में हाईकमान से मुलाकात के बाद सियासी अटकलें तेज हो गई है। राजपुर से विधायक खजानदास ने नई दिल्ली में भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बीएल संतोष से मुलाकात की। हालांकि उन्होंने इस मुलाकात को शिष्टाचार भेंट बताया और कहा कि उन्होंने कहा कि उन्हें कई विषयों पर मार्गदर्शन लिया। खजानदास को युवा और दलित चेहरे के रूप में अहम दावेदार माना जा रहा है। पार्टी लोकसभा चुनाव को देखते हुए इस चेहरे पर भी दांव खेल सकती है। खजानदास को सरकार और संगठन दोनों में काम करने का अनुभव भी है। इसके साथ ही खजानदास का व्यवहार कार्यकर्ताओं में काफी सरल और व्यवहारिक बताया जाता है। इस वजह से खजानदास को अगर प्रदेश अध्यक्ष बनाया जाता है तो दूसरे खेमे को विरोध का कोई ठोस आधार नहीं मिलेगा।

बद्रीनाथ पूर्व विधायक महेंद्र भट्ट की राष्ट्रीय अध्यक्ष जे पी नड्डा से मुलाकात
इसके साथ ही पूर्व विधायक महेंद्र भट्ट ने राष्ट्रीय अध्यक्ष जे पी नड्डा से मुलाकात की तो सोशल मीडिया में प्रदेश अध्यक्ष के बदलाव की खबर तेजी से वायरल होने लगी। गढ़वाल के ब्राह्रमण चेहरे के रूप में पूर्व विधायक महेंद्र भट्ट को बड़ा चेहरा माना जा रहा है। ऐसे में राष्ट्रीय अध्यक्ष से मुलाकात के सियासी मायने तलाशे जा रहे हैं। पूर्व विधायक महेंद्र भट्ट को प्रदेश अध्यक्ष बनाए जाने के चर्चे विधानसभा चुनाव के बाद से ही लगातार हो रहे हैं। पूर्व विधायक महेंद्र भट्ट की संगठन और केन्द्रीय नेतृत्व में अच्छी पकड़ मानी जाती है। इसके साथ ही वे कड़क बयानबाजी और विपक्ष पर मजबूती से हमला करने में माहिर माने जाते हैं। ऐसे में महेंद्र भट्ट को प्रदेश अध्यक्ष की कुर्सी सौंपे जाने की चर्चा लंबे समय से है।

मदन कौशिक को सरकार में जगह या लोकसभा टिकट मिलने के कयास
इन दोनों विधायकों के अलावा हरिद्वार सांसद डॉ रमेश पोखरियाल निशंक, धर्मपुर विधायक विनोद चमोली, संगठन में काम कर रहे ज्यौति प्रसाद गैरोला समेत कई दावेदार बताए जा रहे हैं। इधर मदन कौशिक को धामी सरकार में जगह मिलने के कयास लगाये जाने लगे हैं। धामी सरकार में जब मदन कौशिक को जगह नहीं मिली तब भी सियासी गलियारों में इस पर काफी चर्चा हुई। हरिद्वार में पार्टी के खराब प्रदर्शन और भाजपा के पूर्व विधायक संजय गुप्ता के मदन कौशिक पर गंभीर आरोप को इसकी वजह मानी गई थी। ऐसे में एक बार फिर अध्यक्ष को बदलने की चर्चा शुरू हो गई थी। हालांकि अभी राजनीतिज्ञ पंडितों का कहना है कि भाजपा के लिए अभी प्रदेश अध्यक्ष बदलना जल्दबाजी हो सकता है। ऐसे में पार्टी लोकसभा चुनाव से पहले इस तरह का रिस्क कम ही लेगी। लेकिन जिस तरह का भाजपा प्रयोग कर रही है, उस हिसाब से किसी नए चेहरे पर दांव खेल सकती है। हालांकि ये भी चर्चा है कि मदन कौशिक हरिद्वार सीट से लोकसभा चुनाव की तैयारी कर रहे हैं। ऐसे में कौशिक को संगठन की जिम्मेदारियों से मुक्त किया जा सकता है।












Click it and Unblock the Notifications