'भगवान को प्रसन्न करना होगा': हरक सिंह रावत को हरीश रावत ने दी सलाह, जनिए पूरा मामला
देहरादून, 20 जनवरी। भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) से निकाले जाने के बाद अब हरक सिंह रावत के कांग्रेस में शामिल होने के कयास लगाए जा रहे हैं। बुधवार को कांग्रेस नेता और उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने हरक सिंह रावत के पार्टी में फिर से शामिल करने को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि यह फैसला कांग्रेस का आलाकमान लेंगे। बता दें कि हरक सिंह रावत पर उत्तराखंड चुनाव से ठीक पहले कांग्रेस के संपर्क में होने के आरोप लगे थे, जिसके बाद बीजेपी ने उन्हें पार्टी से 6 साल के लिए निष्कासित कर दिया है।

बीजेपी में शामिल होने से पहले उत्तराखंड सरकार में मंत्री हरक सिंह रावत कांग्रेसी थे। साल 2016 में उन्होंने कांग्रेस छोड़ बीजेपी ज्वाइन कर ली थी। अब पार्टी की कार्रवाई के बाद उनके फिर से कांग्रेस में घर वापसी को लेकर चर्चा तेज हो गई है। इस पर पार्टी के वरिष्ठ नेता हरीश रावत ने कहा, 'मैं किसी से नाराज नहीं हूं। कांग्रेस आलाकमान को यह तय करना है कि हरक सिंह रावत को पार्टी में शामिल किया जाएगा या नहीं। कांग्रेस पार्टी जो भी फैसला करेगी, मैं उसे स्वीकार करूंगा। मुझे ये तय करने का अधिकार नहीं है कि हरक सिंह रावत को पार्टी में शामिल किया जाए या नहीं।'
यह भी पढ़ें: Zee opinion poll: उत्तराखंड में बीजेपी-कांग्रेस के बीच कांटे की टक्कर, हरीश रावत पसंदीदा सीएम फेस
अपने बयान में हरीश रावत ने हरक सिंह रावत को एक सलाह भी दी है। उन्होंने कहा, 'यह आवश्यक नहीं है कि भगवान के सभी भक्त अच्छे हैं। कांग्रेस पार्टी भगवान की तरह है और भगवान के कई भक्त हैं। यह जरूरी नहीं है कि सभी भक्त अच्छे हों। अब यह भगवान और भक्त पर निर्भर करता है कि भक्त, भगवान को कैसे प्रसन्न करता है और क्या भगवान अपने भक्त को स्वीकार करता है?' मालूम हो कि हरक सिंह रावत उन दस विधायकों में से एक थे जिन्होंने 2016 में कांग्रेस छोड़ दी और बीजेपी में शामिल हो गए। राज्य में विधानसभा चुनावों के एक महीने से भी कम समय में, वह कांग्रेस में वापस जाना चाहते हैं, लेकिन चुनाव के लिए पार्टी की प्रचार समिति के अध्यक्ष हरीश रावत प्रस्ताव के खिलाफ दिखाई दे रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications