Uniform civil code को लेकर आया अब तक का सबसे बड़ा अपडेट, विशेषज्ञ समिति के पत्र से सामने आई बात
uniform civil code उत्तराखंड में यूनिफॉर्म सिविल कोड को लेकर बनाई गई कमेटी जल्द ही अपनी रिपोर्ट सौंप सकती है। इस बात के संकेत मिले हैं कि यूसीसी समान नागरिक संहिता के लिए गठित विशेषज्ञ समिति प्रदेश सरकार को जल्द ड्राफ्ट रिपोर्ट सौंप सकती है। समिति अपने देहरादून स्थित कार्यालय को हैंडओवर करने की तैयारी में है।

समिति ने कार्यालय का सामान शासन को हस्तांतरित करने के लिए अधिकारी नामित करने का अनुरोध किया है। समिति के अपर सचिव प्रताप सिंह शाह ने इस संबंध में गृह विभाग को एक पत्र भी लिखा है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी लखनऊ में प्रवासी उत्तराखंडियों के कार्यक्रम में यूसीसी की रिपोर्ट जल्द सौंपे जाने के संकेत दिए थे।
यूसीसी की विशेषज्ञ समिति का कार्यकाल 27 जनवरी 2024 को पूरा होना है। प्रदेश सरकार ने 27 सितंबर से चार माह का कार्यकाल बढ़ा दिया था। लेकिन समिति के अपर सचिव के पत्र से साफ संकेत मिल रहे हैं कि वह जल्द रिपोर्ट सौंप सकती है।
विशेष सचिव (गृह) को संबोधित पत्र में कहा गया है कि विशेषज्ञ समिति का कार्य अंतिम चरण में है और शीघ्र ही समिति ड्राफ्ट शासन को सौंप दिया जाएगा। इसके बाद देहरादून में उपलब्ध उपकरण और अभिलेख भी शासन को हस्तांतरित करना होगा।
इसलिए समिति का कार्य समाप्त होने के उपरांत कार्यालय में उपकरण, सामग्री व अभिलेख हस्तांतरित करने के लिए शासन से एक सक्षम अधिकारी को नामित करने का अनुरोध किया गया है। पत्र की प्रति अपर मुख्य सचिव गृह, सचिव विशेषज्ञ समिति और विशेष कार्याधिकारी यूसीसी को भी भेजी गई है।
बता दें कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी दिल्ली में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को भी विशेषज्ञ समिति के सदस्य यूसीसी की रिपोर्ट की प्रगति के संबंध में जानकारी दे चुके हैं। इसके बाद से ही यूसीसी को लेकर उत्तराखंड में कयासबाजी शुरू हो गई है। जिससे जल्द ही लागू करने पर चर्चा तेज हो गई है।












Click it and Unblock the Notifications