UKSSSC 16 नवंबर को होगी स्थगित की गई भर्ती परीक्षा, कड़े और सख्त नए नियम लागू, भर्ती कैलेंडर भी जल्द होगा जारी
UKSSSC उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग ने फिर से परीक्षाएं शुरू करने और इस बार पूरी पारदर्शिता के साथ कराने का दावा किया है। पेपर लीक प्रकरण सामने आने के बाद 16 नवंबर को सहकारी निरीक्षक, सहायक विकास अधिकारी भर्ती परीक्षा आयोजित होगी।
इस बार नए और सख्त नियम लागू किए जाएंगे। साथ ही जल्द भर्ती कैलेंडर जारी किया जाएगा। यूकेएसएसएससी पेपर लीक प्रकरण के बाद से अधीनस्थ सेवा चयन आयोग पर आगामी परीक्षाएं कराने की सबसे बड़ी चुनौती है। इसके लिए आयोग की ओर से फुलप्रुफ मास्टर प्लान तैयार करने का दावा किया गया है।

जो सहकारी निरीक्षक, सहायक विकास अधिकारी भर्ती परीक्षा को स्थगित किया गया था, वह अब 16 नवंबर को होगी। 45 पदों के लिए यह परीक्षा आयोजित कराई जाएगी, जिसके एडमिट कार्ड जल्द जारी कर दिए जाएंगे। आयोग के अनुसार परीक्षा के लिए केंद्रों का दोबारा निर्धारण किया जाएगा। बताया जा रहा है कि केवल सरकारी शिक्षण संस्थानों को ही प्राथमिकता पर परीक्षा केंद्र बनाया जाएगा, जिसमें विश्वविद्यालय से लेकर सरकारी पॉलिटेक्निक संस्थान तक शामिल हैं।
- इन परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण पुलिस और मजिस्ट्रेट की संयुक्त टीम करेगी।
- परीक्षा केंद्रों पर ही पूरी चेकिंग से लेकर बायोमीट्रिक हाजिरी तक की प्रक्रिया होगी।
- परीक्षा केंद्र पर परीक्षा से एक रात पहले भी सुरक्षाकर्मी तैनात होंगे।
- परीक्षा केंद्रों का निर्धारण करने के बाद पुलिस और मजिस्ट्रेट के संयुक्त निरीक्षण में देखा जाएगा कि उस केंद्र की दीवारें कितनी ऊंची हैं। वहां का प्रवेश और निकास द्वार कितना सुरक्षित है।
- जैमर का ट्रायल एक दिन पहले होगा। इसकी जिम्मेदारी सेक्टर मजिस्ट्रेट, परीक्षा केंद्र समन्वयक और पर्यवेक्षक की होगी, जिनकी रिपोर्ट जरूरी होगी।
- अब परीक्षा केंद्र के प्रवेश द्वार पर ही चेकिंग से लेकर बायोमीट्रिक हाजिरी तक की सभी औपचारिकताएं पूरी की जाएंगी।
- अभ्यर्थी और केंद्र पर्यवेक्षक के अलावा कोई अन्य व्यक्ति भीतर नहीं जा सकेगा। अगर किसी को जाने की जरूरत होगी तो आते-जाते उसकी कड़ी चेकिंग होगी।
- समूह-ग भर्ती परीक्षा का आयोग लाइव टेलीकास्ट करेगा। इसका कंट्रोल रूम आयोग कार्यालय में बनाया जाएगा। हर केंद्र की सभी परीक्षा संबंधी गतिविधियों पर आयोग यहां से भी नजर रखेगा।












Click it and Unblock the Notifications