UKSSSC पेपर लीक केस: उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग ने 5 अक्टूबर की परीक्षा की स्थगित, जानिए क्यों
UKSSSC पेपर लीक प्रकरण सामने आने के बाद उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग के लिए परीक्षा करानी सबसे बड़ी चुनौती है। ऐसे में आयोग के लिए सिस्टम को दुरस्त करना आसान नहीं है। इसी को देखते हुए उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की पांच अक्तूबर की सहकारी निरीक्षक वर्ग-2 और सहायक विकास अधिकारी सहकारिता की परीक्षा देर शाम अचानक आयोग ने स्थगित कर दी।
बता दें कि मंगलवार को आयोग ने बोर्ड बैठक कर नए नियमों के साथ परीक्षा कराने का निर्णय लिया। लेकिन एक दिन बाद ही अधीनस्थ सेवा चयन आयोग ने बुधवार की शाम अचानक पांच अक्तूबर को होने वाली परीक्षा स्थगित कर दी। आयोग ने तैयारियां अधूरीं होना व अभ्यर्थियों की मांग को इसका कारण बताया है।

बीते 21 सितंबर को स्नातक स्तरीय परीक्षा आयोजित हुई। लेकिन आधे घंटे के बाद ही पेपर लीक प्रकरण सामने आ गया। इसके बाद छात्रों ने 8 दिनों तक आंदोलन किया। राज्य सरकार ने पहले एसआईटी और फिर सीबीआई जांच की संस्तुति कर दी। इन सभी विवादों से घिरे अधीनस्थ सेवा चयन आयोग के लिए अब दूसरी परीक्षाएं कराना आसान नहीं है। इसके तहत सभी स्तर पर तैयारियां भी की गईं।
पांच अक्तूबर की सहकारी निरीक्षक वर्ग-2 और सहायक विकास अधिकारी सहकारिता की परीक्षा होनी थी। पहले आयोग की बोर्ड बैठक और फिर मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन की अध्यक्षता में परीक्षा की तैयारियों की समीक्षा भी की गई थी। आयोग का कहना था कि परीक्षा की तैयारी पूरी हैं। अभ्यर्थियों को दो घंटे पहले परीक्षा केंद्र पर पहुंचना होगा। इसके साथ ही कई नए नियम लागू किए गए थे।
लेकिन बुधवार को अचानक परीक्षा स्थगित कर दी गई। आयोग का कहना है कि अभ्यर्थियों के सुझाव, फीडबैक के आधार पर और आयोग के स्तर से तैयारियां और पुख्ता करने के लिए यह परीक्षा स्थगित की गई है। 12 अक्तूबर की परीक्षाएं होंगी या नहीं, इस पर स्थिति बाद में स्पष्ट की जाएगी।












Click it and Unblock the Notifications