UK NEWS: UBSE ने जारी किया यूटीईटी प्रथम एवं द्वितीय 2025 का परिणाम, जानिए कहां और कैसे करें चेक
UK NEWS UBSE Result उत्तराखण्ड विद्यालयी शिक्षा परिषद (UBSE) ने उत्तराखण्ड अध्यापक पात्रता परीक्षा (यूटीईटी) प्रथम एवं द्वितीय 2025 का परिणाम घोषित कर दिया है। यूटीईटी प्रथम में 38.20 प्रतिशत अभ्यर्थी जबकि यूटीईटी द्वितीय में 19.96 प्रतिशत अभ्यर्थी सफल हुए हैं।
बोर्ड के सचिव विनोद प्रसाद सिमल्टी ने जानकारी दी कि परीक्षा 27 सितम्बर 2025 को राज्यभर के 29 शहरों में स्थित 94 परीक्षा केन्द्रों पर दो पालियों में आयोजित की गई थी। पहली पाली में यूटीईटी प्रथम, जबकि दूसरी पाली में यूटीईटी द्वितीय परीक्षा संपन्न हुई।

यूटीईटी प्रथम का रिजल्ट पिछले साल से बेहतर रहा, जबकि द्वितीय का कम रहा। परिणाम परिषद की वेबसाइट पर उपलब्ध है। इस बार यूटीईटी प्रथम का रिजल्ट पिछले साल की तुलना में 16.38 बढ़ा है। पिछले साल रिजल्ट 21.82 प्रतिशत था।
जबकि यूटीईटी द्वितीय का रिजल्ट पिछले साल की तुलना में इस बार 8.02 प्रतिशत कम रहा। पिछले बार यह 27.98 प्रतिशत था। यूटीईटी प्रथम के लिए कुल 14,595 अभ्यर्थियों ने आवेदन किया, जिनमें से 11,949 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए। परिणाम के अनुसार, 4,564 अभ्यर्थी (38.20 प्रतिशत) परीक्षा में सफल घोषित किए गए हैं। यूटीईटी द्वितीय के लिए कुल 24,517 अभ्यर्थी पंजीकृत हुए। जिनमें से 20,803 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी। इनमें से 4,153 अभ्यर्थी (19.96 प्रतिशत) सफल घोषित हुए हैं।
बोर्ड सचिव ने बताया कि परीक्षा परिणाम परिषद की अधिकृत वेबसाइट www.ubse.uk.gov.in (DEPARTMENTAL EXAM टैब पर) या www.utet.com पर उपलब्ध हैं। अभ्यर्थी अपनी लॉगिन आईडी या अनुक्रमांक व जन्मतिथि डालकर अपना परीक्षाफल डाउनलोड कर सकते हैं। साथ ही सभी अभ्यर्थियों के अंकपत्र डाक के माध्यम से भी भेजे जाएंगे।
परीक्षा में सफल अभ्यर्थियों को अंकपत्र-सह प्रमाणपत्र जारी किया जाएगा। प्रत्यावेदनों के निस्तारण के बाद दोनों परीक्षाओं की अंतिम उत्तर कुंजी भी परिषद की वेबसाइट पर अपलोड कर दी गई है। बोर्ड सचिव विनोद प्रसाद सिमल्टी ने कहा इस बार परीक्षा परिणाम पिछले वर्ष की तुलना में एक महीने पहले घोषित किया गया है, ताकि पात्र अभ्यर्थी शिक्षक भर्ती की आगामी प्रक्रिया में समय से भाग ले सकें। प्राथमिक व जूनियर स्कूल में शिक्षक बनने के लिए उत्तराखंड अध्यापक पात्रता परीक्षा (यूटीईटी) आयोजित की जाती है।












Click it and Unblock the Notifications