UK NEWS CM धामी की सुरक्षा में चूक! फ्लीट में लगी पायलट कार अचानक खराब,धक्का मारकर किया स्टार्ट, हुआ ये एक्शन
UK NEWS उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के सुरक्षा में बड़ी लापरवाही सामने आई है। मुख्यमंत्री के काफिले में शामिल फ्लीट में लगी पायलट कार अचानक खराब हो गई। जिसके बाद हड़कंप मच गया। सीएम की फ्लीट बिना पायलट कार के ही रवाना की गई।
सीएम के रवाना होने के बाद पायलट कार और इंटरसेप्टर को धक्का मारकर स्टार्ट करना पड़ा। शाम को एसएसपी देहरादून ने कार्रवाई करते हुए पायलट कार के आरक्षी चालक को निलंबित कर दिया और पूरे मामले की जांच सीओ ट्रैफिक को सौंपी गई।

पुलिस मुख्यालय ने भी इस मामले पर नाराजगी जताई है। मुख्यमंत्री की सुरक्षा में चूक के संबंध में ADG INT ने तुरंत और कठोर कार्यवाही के निर्देश दिए हैं। पुलिस मुख्यालय की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि तकनीकी खराबी उत्पन्न होने के कारण सुरक्षा ड्यूटी में चूक की स्थिति उत्पन्न हुई। यह घटना सुरक्षा की दृष्टि से अत्यंत संवेदनशील है। मुख्यमंत्री Z+ श्रेणी की सुरक्षा से संरक्षित हैं, उनकी सुरक्षा में किसी भी प्रकार की लापरवाही को अत्यंत गंभीरता से लिया गया है।
घटना के संबंध में उत्तरदायित्व निर्धारित करते हुए अभिनव कुमार, अपर पुलिस महानिदेशक, अभिसूचना एवं सुरक्षा महोदय द्वारा त्वरित एवं प्रभावी कार्यवाही सुनिश्चित करने के लिए निर्देश जारी किए गए हैं। संबंधित कर्मचारी के निलबंन की कार्रवाई और मुख्य सुरक्षा अधिकारी,मुख्यमंत्री सुरक्षा की रिपोर्ट के आधार पर पुलिस अधीक्षक (सुरक्षा) को 07 दिवस के भीतर विस्तृत जांच कर आख्या प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके अलावा इस तरह की सेवा में शामिल सभी वाहनों की जांच रिपोर्ट मांगी गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार सीएम सचिवालय में समीक्षा बैठक कर रहे थे। बैठक के बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की फ्लीट सचिवालय से रवाना हुई, इस दौरान सीएम फ्लीट में लगी पायलट कार बंद पड़ गई। इसके बाद वहां मौजूद अन्य कर्मचारियों ने कार को धक्का लगाकर स्टार्ट किया। इसका वीडियो भी सोशल मीडिया में जमकर वायरल हो रहा है।
इस पर एसएसपी ने आरक्षी चालक दीपक सैनी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। एसएसपी अजय सिंह ने बताया कि इस मामले में पायलट कार चालक दीपक सैनी को निलंबित कर दिया गया है। वीआईपी काफिले में नियुक्त सभी वाहनों की मरम्मत पुस्तक को चेक किया गया। इसमें सभी कारें ठीक पाई गईं। बावजूद इसके यह कार समय पर स्टार्ट नहीं हुई। ऐसा क्यों हुआ इसकी विस्तृत जांच सीओ ट्रैफिक को सौंपी गई है।












Click it and Unblock the Notifications