Udham Singh Nagar बहू ने मायके वालों को बुलाकर सास और पति के साथ की मारपीट, सास की मौत, पति पहुंचा अस्पताल
Udham Singh Nagar उत्तराखंड के उधम सिंह नगर जिले में एक बहू ने अपने मायके वालों के साथ मिलकर अपनी सास और पति के साथ मारपीट की। जिसमें सास की मौत हो गई। पुलिस ने घर वालों की शिकायत पर आरोपियों को हिरासत में ले लिया है और पूछताछ की जा रही है।
घटना दिनेशपुर इलाके की है। दिनेशपुर के रहने वाले प्रसेनजीत शाह ने करीब चार साल पहले काशीपुर की रहने वाली सुरभि से शादी की थी। बताया जा रहा है कि शादी के बाद से ही दोनों के बीच पारिवारिक विवाद चल रहा था। परिवार वालों का आरोप है कि मंगलवार रात को हुई मामूली कहासुनी अचानक हिंसा में बदल गई।

इसके बाद सुरभि ने मायके से पांच लोगों को अपने घर बुला लिया। झगड़ा इतना बढ़ गया कि सुरभि के मायके वालों ने प्रसेनजीत शाह और उनकी 70 साल की मां संध्या शाह के साथ मारपीट की। बताया गया कि झगड़े में बुज़ुर्ग महिला को गंभीर चोटें आईं और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। पति प्रसेनजीत शाह भी घायल हो गए और उन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मृतक महिला की बहू समेत छह लोगों को हिरासत में लिया है। पुलिस फिलहाल मामले की जांच कर रही है। बॉडी को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। सबूत इकट्ठा करने के लिए फॉरेंसिक टीम को मौके पर बुलाया गया. नामजद शिकायत के आधार पर पुलिस ने सुरभि और उसके साथ आए पांच अन्य लोगों को हिरासत में लिया है।
घटना के बाद से परिवार में कोहराम मचा हुआ है। पीड़ित पति का कहना है कि जब ये घटना हुई तो वह सोने गया था, नींद में उसे मारा, वह बेहोशी की हालत में ही अस्पताल पहुंचा। एसएसपी अजय गणपति और दूसरे सीनियर अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और परिवार से बात की। परिजनों ने घटना को लेकर आरोपियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।












Click it and Unblock the Notifications