टिकट बंटवारे के बाद कांग्रेस में नहीं थम रहा सियासी बवंडर,अब हरीश रावत के करीबी नेता ने दे दिया इस्तीफा
उत्तराखंड कांग्रेस में निकाय चुनावों को लेकर रार थमने का नाम नहीं ले रही है। पहले प्रदेश उपाध्यक्ष संगठन मथुरा दत्त जोशी ने पार्टी के खिलाफ मोर्चा खोला अब पूर्व कांग्रेस राज्य मंत्री बिट्टू कर्नाटक ने कांग्रेस पार्टी से इस्तीफा दे दिया है।
कांग्रेस के लिए प्रदेशभर में कई झटके लग रहे हैं। बिट्टू कर्नाटक का कदम चुनाव के समय पार्टी के लिए एक झटका माना जा रहा है। उन्होंने मीडिया से बात करते हुए पार्टी नेतृत्व की कार्यप्रणाली और टिकट बंटवारे पर असंतोष व्यक्त करते हुए कहा कि कांग्रेस ने कई जगह रॉकेट कैंडिडेट को उतारने का काम किया है।

बिट्टू कर्नाटक ने कहा कि पिछले कई वर्षों से कांग्रेस में कार्य कर रहे कार्यकर्ताओं का अपमान है कांग्रेस पार्टी पथ भ्रमित हो गई है आगे उन्होंने कहा कि वे इस्तीफा देने से पहले प्रदेश अध्यक्ष और हरीश रावत से मुलाकात कर चुके हैं। उधर बिट्टू कर्नाटक के इस्तीफे के बाद कांग्रेस के वरिष्ठ उपाध्यक्ष मथुरा जोशी ने कहा कि बिट्टू कर्नाटक हरीश रावत के दत्तक पुत्र हैं और बिट्टू कर्नाटक का कांग्रेस छोड़ने का वजह हरीश रावत से पूछा जाना चाहिए कि ऐसा क्या कारण बना की बिट्टू कर्नाटक को कांग्रेस छोड़ना पड़ा।
मथुरा जोशी को मनाने के लिए खुद प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा मैदान में उतरे। मथुरा दत्त जोशी ने अब कांग्रेस संगठन का कामकाज संभाल लिया है। मथुरा दत्त के कंधों पर ही निकाय चुनाव के संचालन का जिम्मा है। मथुरा ने कांग्रेस संगठन का कामकाज से किनारा करने का ऐलान किया था। जिसके बाद कांग्रेस में संकट की स्थिति पैदा हो गई थी। मथुरा दत्त जोशी पिथौरागढ़ से अपनी पत्नी के लिए मेयर का टिकट मांग रहे थे।
लेकिन पार्टी ने दूसरे दावेदार को प्रत्याशी बनाया। उसके बाद से मथुरा पार्टी से नाराज चल रहे हैं। उधर जितने भी निकाय चुनाव में पार्टी से नाराज हैं, उन्हें मनाने की जिम्मेदारी प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा को सौंपा गया है। करन माहरा ने मीडिया को दिए बयान में कहा कि हाईकमान के फैसले के अनुसार मेयर पद पर प्रत्याशी घोषित किए गए, जबकि नगर पालिका व नगर पंचायतों के टिकट प्रदेश समन्वय समिति में गहन मंथन के बाद तय किया गया। टिकट न मिलने से नाराज पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं से बात कर उन्हें मनाने का प्रयास किया जाएगा।












Click it and Unblock the Notifications