उत्तरकाशी में पत्रकार राजीव प्रताप की संदिग्ध मौत या हादसा, सीसीटीवी फुटेज सामने आई, पुलिस का नया खुलासा
Journalist Rajiv Pratap death: उत्तरकाशी में स्वतंत्र पत्रकार राजीव प्रताप की संदिग्ध मौत के मामले में पुलिस की विशेष टीम जांच कर रही है। इस बीच उत्तरकाशी पुलिस के हाथ लगे सीसीटीवी फुटेज से नया खुलासा हुआ है। पुलिस ने टाइमलाइन के साथ सीसीटीवी फुटेज को चेक करने के बाद दावा किया है कि पत्रकार की मौत सड़क दुर्घटना में हुई है।
पुलिस का कहना है कि राजीव प्रताप दुर्घटना के वक्त शराब के नशे में थे। सीसीटीवी फुटेज से भी इस बात की पुष्टि हुई है कि वो लड़खड़ाते हुए चल रहे थे और गाड़ी को गलत दिशा में चला रहे थे। फिलहाल इस पूरे मामले की जांच एसआई दिलमोहन बिष्ट कर रहे हैं।

देर रात 10 बजे तक टैक्सी स्टैंड पर बैठकर शराब पी
पुलिस उपाधीक्षक जनक पंवार ने मीडिया को दी जानकारी में बताया कि 18 सितंबर को शाम करीब 7 बजे राजीव अपने कैमरामैन मनबीर कलूड़ा के साथ पुलिस लाइन में नियुक्त मुख्य आरक्षी सोबन सिंह से मिलने गए थे। तीनों ने देर रात 10 बजे तक टैक्सी स्टैंड पर बैठकर शराब पी। इसके बाद सोबन सिंह वहां से निकल गए लेकिन राजीव के कहने पर वे वापस आए। राजीव और सोबन सिंह ने फिर से बाजार जाकर एक होटल में खाना खाया और शराब पी। रात करीब 11 बजे राजीव होटल से बाहर आए। सीसीटीवी फुटेज में साफ दिखा कि वो नशे में लड़खड़ा रहे थे।
रात 11:38 बजे गंगोरी पुल, गाड़ी में राजीव के अलावा कोई और नहीं
थोड़ी देर बाद सोबन सिंह भी बाहर आए और दोनों गाड़ी में बैठे। सोबन सिंह थोड़ी देर बाद बाहर आ गए और राजीव ड्राइविंग सीट पर बैठ गए। फुटेज में गाड़ी के अंदर राजीव के अलावा कोई और व्यक्ति नहीं दिखा।
बताया कि रात 11:24 बजे सोबन सिंह ने राजीव के मोबाइल पर बात की। इसके बाद राजीव की गाड़ी बद्री तिराहा, तेखला पुल और अंत में रात 11:38 बजे गंगोरी पुल के सीसीटीवी कैमरे में गंगोरी की तरफ जाते हुए दिखी। इस दौरान भी गाड़ी में राजीव के अलावा कोई और नहीं था। गंगोरी पुल के बाद लगे एटीएम और पेट्रोल पंप के सीसीटीवी में राजीव का वाहन कहीं नहीं दिखा।
थोड़ी दूर जाकर वापस आ जाएंगे
पुलिस के अनुसार सोबन ने राजीव को बहुत समझाया कि वो गाड़ी आगे न ले जाएं क्योंकि वो नशे में थे लेकिन राजीव ने उनकी बात नहीं मानी और यह कहकर चले गए कि वो थोड़ी दूर जाकर वापस आ जाएंगे। सोबन सिंह ने सोचा कि शायद वो अपनी बहन के घर कोट बंगला गए होंगे और वो उनके पीछे पैदल गए लेकिन राजीव नहीं मिले। यह सोचकर कि सुबह गाड़ी ले लेंगे सोबन सिंह अपने कमरे में वापस चले गए।
रात 11:40 बजे के आसपास वाहन गंगोरी में दुर्घटनाग्रस्त
पुलिस का मानना है कि रात 11:40 बजे के आसपास राजीव का वाहन गंगोरी में दुर्घटनाग्रस्त हो गया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में भी यह बात साफ हो गई। उन्होंने कहा कि राजीव का शराब के नशे में होना, गाड़ी को गलत दिशा में चलाना, और गाड़ी चलाने का बहुत कम अभ्यास होना इस बात की पुष्टि करता है कि यह एक सड़क दुर्घटना थी।
देश में भी सियासत गरमाई
बता दें कि पत्रकार की मौत को परिजन संदिग्ध मान रहे हैं और पुलिस से इस मामले में कड़ी जांच करने की मांग कर रहे हैं। जिसके बाद पुलिस की विशेष टीम इस मामले की जांच कर रहे हैं। इस प्रकरण को लेकर पूरे प्रदेश ही नहीं देश में भी सियासत गरमाई हुई है।












Click it and Unblock the Notifications