Student election: कैंपस चुनाव में एबीवीपी को मिली करारी हार, भाजपा के लिए नहीं अच्छे संकेत, अब इन पर है नजर
यूनिवर्सिटी कैंपस में हुए चुनावों में एबीवीपी को करारी हार
उत्तराखंड में छात्र संघ चुनाव की शुरूआत हो चुकी है। यूनिवर्सिटी कैंपस में हुए चुनावों में एबीवीपी को करारी हार का सामना करना पड़ रहा है। जो कि सत्ताधारी भाजपा के लिए सही संकेत नहीं माने जा रहे हैं। छात्र संघ चुनावों से सीधे भाजपा की भी प्रतिष्ठा जुड़ी हुई मानी जा रही है।

एबीवीपी के बागी, एनएसयूआई प्रत्याशी का कब्जा
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद, एबीवीपी भाजपा की छात्र इकाई है। जबकि एनएसयूआई कांग्रेस की। एचएनबी गढ़वाल केंद्रीय विश्वविद्यालय के बिड़ला परिसर में छात्रसंघ चुनाव में अध्यक्ष पद पर एबीवीपी के बागी प्रत्याशी विजयी रहे हैं। गढ़वाल विवि के बीजीआर परिसर के छात्रसंघ चुनाव में एनएसयूआई ने अध्यक्ष पद पर कब्जा किया। जबकि एचएनबी गढ़वाल विवि के एसआरटी परिसर बादशाहीथौल में हुए छात्रसंघ चुनाव में एबीवीपी के बागी प्रत्याशी चुनाव जीते। इस तरह अब तक तीन छात्र संघ चुनावों के परिणाम में एबीवीपी को बुरी तरह हार का सामना करना पड़ा है। एनएसयूआई को थोड़ा राहत जरूर मिली है।
एबीवीपी प्रत्याशी अमन पंत को तीसरे स्थान पर
एचएनबी गढ़वाल केंद्रीय विश्वविद्यालय के बिड़ला परिसर में छात्रसंघ चुनाव में अध्यक्ष पद पर एबीवीपी के बागी प्रत्याशी गौरव मोहन सिंह नेगी विजयी रहे। उन्होंने अपने प्रतिद्वंद्वी जय हो संगठन के कैवल्य जखमोला को 195 मतों से हराया। एबीवीपी प्रत्याशी अमन पंत को तीसरे स्थान पर पहुंचे हैं। वहीं सचिव पद पर आर्यन संगठन के सम्राट राणा विजयी रहे। उन्होंने आर्यन के बागी निर्दलीय प्रत्याशी सूरज नेगी को 89 मतों से हराया। बिड़ला परिसर में कुल 7991 मतदाता थे। इनमें से 4553 छात्र.छात्राओं ने मतदान किया।
एनएसयूआई ने अध्यक्ष पद पर हैट्रिक लगाई
गढ़वाल विवि के बीजीआर परिसर के छात्रसंघ चुनाव में एनएसयूआई ने अध्यक्ष पद पर हैट्रिक लगाई है। एनएसयूआई के अंकित नौटियाल ने अध्यक्ष पद पर जीत दर्ज की है। सचिव पद पर एनएसयूआई के ही मुकुल कुमार पंवार और विवि प्रतिनिधि पद पर अमन कुमार को जीत मिली है। उपाध्यक्ष पद पर एबीवीपी के आयुष रावत निर्विरोध चुने गए।
एबीवीपी के बागी प्रत्याशी ने एबीवीपी को हराया
एचएनबी गढ़वाल विवि के एसआरटी परिसर बादशाहीथौल में हुए छात्रसंघ चुनाव में 407 मत पाकर एबीवीपी के बागी प्रत्याशी दीपक सिंह गुनसोला ने एबीवीपी के गौतम को 92 मतों से हराया। अध्यक्ष के अलावा अन्य सभी पदों पर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के प्रत्याशियों ने जीत दर्ज की। सचिव पद पर एबीवीपी के लोकेश,छात्रा कार्यकारिणी पद पर संगठन की ही गुरमीत कौर निर्वाचित हुई है। उपाध्यक्ष पद पर अंकित रमोला, सह सचिव पर नितीश कोठारी, कोषाध्यक्ष पद पर शुभम राणा और विवि प्रतिनिधि के लिए अनुज सजवाण पहले ही निर्विरोध चुने गए थे।
कॉलेजों में चुनाव की तारीखों का इंतजार
2 साल बाद उत्तराखंड के कॉलेज और महाविद्यालयों में छात्र संघ चुनाव का शोर सुनाई दे रहा है। अब सबको शासन के कॉलेजों में चुनाव की तारीखों का इंतजार है। जो कि दिसंबर में प्रस्तावित माना जा रहा है। लंबे संघर्ष के बाद छात्र संगठनों की जीत हुई और उच्च शिक्षा विभाग अब चुनाव कराने को तैयार है। कॉलेजों में होने वाले चुनाव में सियासी दलों की सीधी लड़ाई मानी जाती है। भाजपा के लिए छात्र संघ चुनाव एक बार फिर बड़ी चुनौती मानी जा रही है। उत्तराखंड के 119 महाविद्यालयों में अभी छात्र संघ चुनाव नहीं हुए हैं। उत्तराखंड की अस्थाई राजधानी देहरादून में सबसे बड़े कॉलेज डीएवी कॉलेज छात्र संघ चुनाव पर अब सभी दलों की नजर टिकी हुई है।












Click it and Unblock the Notifications