SIR in Uttarakhand: निर्वाचन आयोग की राजनैतिक दलों से बैठक, 31 दिसंबर तक करना होगा शत प्रतिशत BLA की नियुक्ति
SIR IN UTTARAKHAND: उत्तराखंड में विशेष गहन पुनरीक्षण को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। निर्वाचन आयोग ने राजनैतिक दलों से आगामी विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर 31 दिसंबर तक शत प्रतिशत बूथ लेवल एजेंट्स (BLA) की नियुक्ति करने की अपील की है।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ बीवीआरसी पुरुषोत्तम की अध्यक्षता में मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय राजनैतिक दलों के साथ बैठक की गई। बैठक के दौरान राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ SIR के दुष्टिगत 31 दिसंबर तक शत प्रतिशत BLA नियुक्ति के सम्बंध में विस्तृत चर्चा की गई।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ बीवीआरसी पुरुषोत्तम ने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया में मतदाताओं के साथ-साथ राजनैतिक दलों की अहम भूमिका होती है जिसके लिए जरुरी है कि हर पोलिंग बूथ पर राजनैतिक दलों के बूथ लेवल एजेंट्स की नियुक्ति सुनिश्चित की जाए। मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि वर्तमान में प्रदेश में 11733 बूथ के सापेक्ष 4155 बीएलए ही नियुक्त हैं। उन्होंने सभी राजनैतिक दलों से आगामी 31 दिसंबर तक सभी दल अपने बूथ लेवल एजेंट्स (BLA) की शत-प्रतिशत तैनाती करने की अपील की।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ0 पुरुषोत्तम ने बताया कि प्रदेश में आगामी विशेष गहन पुनरीक्षण की तैयारियां शुरु कर दी गई है। प्री एसआईआर (Pre-SIR) फेज में प्रदेश की वर्तमान मतदाता सूची में शामिल लगभग 40 वर्ष तक की आयु के ऐसे मतदाता जिनके नाम 2003 की मतदाता सूची में दर्ज थे उनकी सीधे बीएलओ एप से मैपिंग की जाएगी।
इसके साथ ही 40 वर्ष से कम आयु के ऐसे मतदाता जिनके नाम 2003 की मतदाता सूची में किसी कारणवश नहीं है तो उनके माता-पिता अथवा दादा-दादी के नाम के आधार पर प्रोजनी के रुप में उनकी मैपिंग की जाएगी। मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि वर्ष 2003 की मतदाता सूची www.ceo.uk.gov.in एवं www.voters.eci.gov.in पर सर्च की जा सकती है।












Click it and Unblock the Notifications