उत्तराखंड में शाह का चुनावी शंखनाद: हरीश रावत को खुली चुनौती, हरक के साथ लंच डिप्लोमेसी
एक दिवसीय दौरे पर आए गृह मंत्री अमित शाह ने किया चुनावी शंखनाद
देहरादून, 30 अक्टूबर। चुनावी शंखनाद करने उत्तराखंड आए गृह मंत्री अमित शाह कांग्रेस के दिग्गज नेता पूर्व सीएम हरीश रावत को विकास के मुद्दे पर चौराहे पर खुली चुनौती दे गए। साथ ही हरक सिंह रावत और विजय बहुगुणा के साथ एक साथ लंच कर डेमेज कंट्रोल करते भी नजर आए हैं। साफ है कि आने वाले विधानसभा चुनाव में भाजपा पूर्व सीएम हरीश रावत और हरक सिंह रावत को तवज्जो देकर चुनावी रणनीति पर काम कर रही है।

शाह ने हरदा पर किए प्रहार
उत्तराखंड में चुनाव का बिगुल फूंक कर अमित शाह ने उत्तराखंड की जनता से एक बार फिर भाजपा की प्रचंड बहुमत की सरकार लाने का आह्रवान किया। अमित शाह ने कहा कि जो विकास के कार्य उत्तराखंड में भाजपा सरकार ने किए हैं। कांग्रेस 10 साल में नहीं कर पाई। अमित शाह ने पूर्व सीएम हरीश रावत को खुली चुनौती दी। अमित शाह ने कहा कि कांग्रेस ने अपनी सरकार के समय के घोषणा पत्र पर कितना काम किया है, इस पर किसी भी चौराहे पर चर्चा हो जाए वह तैयार हैं। शाह ने दावा किया कि उत्तराखंड में भाजपा ने अपने घोषणा पत्र में किए गए लगभग 85 परसेंट वादों को पूरा किया है। अमित शाह ने हरीश रावत को चुनौती देने के साथ ही डेनिस शराब और स्टिंग का मुद्दा भी उठाया।
हरदा ने किए तुरंत पलटवार
इधर अमित शाह के आरोपों का पूर्व सीएम हरीश रावत ने कुछ ही घंटो में जबाव दे डाला। हरीश रावत ने कहा कि जुम्मे की नमाज की छुट्टी की अधिसूचना की जांच के लिए अपनी सारी एजेंसियां लगा लें। जबकि डेनिस इन दिनों उत्तराखंड और दिल्ली में बिक रही है। हरीश रावत ने कहा कि भाजपा सरकार में यह सेना की कैंटीन में भी उपलब्ध होने लगी है। हरीश ने कहा कि भाजपा यह बताए कि कांग्रेस सरकार में शराब यदि जहर थी तो इसे पीकर कितनों की मौत हुई है। हरीश रावत ने स्टिंग प्रकरण पर जबाव देते हुए कहा कि भाजपा के भी स्टिंग हुए हैं। इसका आइडिया देने वाले भी भाजपा के हैं। घस्यारी योजना पर एक बार फिर सवाल उठाते हुए हरीश रावत ने कहा कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के कार्यक्रम में प्रदेश का गौरव हमारी बेटी, बहनों को जिस तरह से घस्यारी बताकर संबोधित किया गया। वह उत्तराखंड की नारी शक्ति का अपमान है। हरीश रावत ने केंद्रीय गृह मंत्री के विकास के मुद्दे पर बहस की चुनौती को स्वीकार किया है।
हरक सिंह के साथ शाह की लंच डिप्लोमेसी
एक दिवसीय दौरे पर आए गृह मंत्री अमित शाह कोर ग्रुप की बैठक में शामिल तो नहीं हो पाए लेकिन हरक सिंह और विजय बहुगुणा के साथ लंच करने जरुर पहुंचे। हरक सिंह रावत के कांग्रेस में जाने को लेकर जिस तरह से लगातार चर्चाएं चल रही है। ऐसे में इस लंच डिप्लोमेसी के सियासी मायने भी निकाले जा रहे हैं। जिस टेबल में अमित शाह बैठे नजर आए, उसी टेबल पर हरक सिंह और पूर्व सीएम विजय बहुगुणा लंच करते दिखे। विजय बहुगुणा हाल ही में उत्तराखंड की राजनीति में जिस तरह से सक्रिय दिख रहे हैं। उसके पीछे की रणनीति पुराने कांग्रेसियों में चल रही नाराजगी को दूर करना बताया जा रहा है। खासकर हरक सिंह के कांग्रेस और पूर्व सीएम हरीश रावत से बढ़ती नजदीकियां भी इसकी वजह मानी जा रही है। जिसके लिए पूर्व सीएम विजय बहुगुणा को देहरादून भेजा गया है। शनिवार को जब अमित शाह देहरादून आए तो हरक सिंह और विजय बहुगुणा के साथ एक ही टेबल पर लंच करते हुए नजर आए। साफ है कि हरक सिंह को लेकर हाईकमान भी गंभीर है। ऐसे में हरक सिंह को चुनाव से पहले पार्टी हाईकमान का तवज्जो देना हरक सिंह के लिए बड़ी राजनीतिक जीत मानी जा रही है।












Click it and Unblock the Notifications