रुड़की में विजिलेंस ने अपर तहसीलदार के पेशकार को 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया
हरिद्वार जिले के रुड़की में विजिलेंस ने एक बार फिर बड़ी कार्रवाई की है। विजिलेंस की टीम ने अपर तहसीलदार के पेशकार को 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया। आरोप है कि पेशकार द्वारा एक अधिवक्ता से रिश्वत की मांग की गई थी।
अधिवक्ता ने विजिलेंस को शिकायत की। जिसके बाद विजिलेंस की टीम ने रूपरेखा तैयार कर आरोपी पेशकार को 10 हजार की रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़ लिया। विजिलेंस अब आरोपी के खिलाफ अन्य एविडेंस भी खंगाल रही है।विजिलेंस आरोपी के आवास पर भी जांच पड़ताल में जुटी रही।

विजिलेंस से मिली जानकारी के अनुसार रुड़की तहसील में अपर तहसीलदार के पेशकार के पद पर रुड़की के अम्बर तालाब मोहल्ला निवासी रोहित की तैनाती है। एक अधिवक्ता ने विजिलेंस सतर्कता अधिष्ठान (विजिलेंस) के टोल फ्री नंबर पर शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया था कि उसकी बहन की कृषि भूमि का वाद न्यायालय तहसीलदार रुड़की में चल रहा था।
जिसमें 24 मार्च 2025 को न्यायालय द्वारा एक पक्षीय आदेश कर दिए गए। जिस कारण उनके द्वारा 21 अप्रैल 2025 को एक रेस्टोरेशन प्रार्थना पत्र पुनः सुनवाई हेतु दिया गया था। पत्रावली पर कार्रवाई कराए जाने के एवज में अपर तहसीलदार रुड़की के पेशकार रोहित द्वारा 25 हजार रुपये की रिश्वत की मांग की जा रही है और शिकायतकर्ता रिश्वत नहीं देना चाहता है।
शिकायत पर सतर्कता अधिष्ठान सेक्टर देहरादून की ट्रैप टीम द्वारा कार्रवाई करते हुए रूपरेखा तैयार की गई और आरोपी पेशकार रोहित पुत्र रामपाल सिंह निवासी रुड़की थाना, हरिद्वार को शिकायतकर्ता से 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। विजिलेंस आरोपी के आवास पर भी जांच पड़ताल में जुटी रही।












Click it and Unblock the Notifications