पुष्कर सिंह धामी होंगे उत्तराखंड के सीएम, विधायक दल की बैठक में हुआ फैसला
देहरादून, 21 मार्च: पुष्कर सिंह धामी उत्तराखंड के अगले मुख्यमंत्री होंगे। भाजपा विधायक दल की बैठक में ये फैसला लिया गया है। पुष्कर धामी फिलहाल राज्य के कार्यवाहक मुख्यमंत्री हैं। सोमवार को उत्तराखंड के लिए भाजपा के केंद्रीय पर्यवेक्षक राजनाथ सिंह ने देहरादून में कहा कि पुष्कर सिंह धामी को विधायक दल का नेता चुना गया है। मैं उन्हें बधाई देता हूं, मुझे विश्वास है कि उनके नेतृत्व में उत्तराखंड तेजी से प्रगति करेगा।

उत्तराखंड में भाजपा ने पुष्कर धामी को ही सीएम फेस बनाते हुए चुनाव लड़ा और जीता है। राज्य में बीजेपी को स्पष्ट बहुमत मिला है लेकिन मुख्यमंत्री धामी अपनी विधानसभा, खटीमा से चुनाव हार गए। जिसके बाद राज्य में सीएम पद को लेकर भाजपा में बैठकों का दौर चल रहा था। उत्तराखंड में सरकार गठन को लेकर रविवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के आवास पर भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेताओं की लंबी बैठक हुई थी। जिसमें पुष्कर सिंह धामी और उत्तराखंड भाजपा अध्यक्ष मदन कौशिक भी मौजूद थे। बैठक के बाद आज देहरादून में भाजपा विधायकों की बैटक बुलाई गई, जिसमें धामी को नेता चुन लिया गया।
धामी बीते साल बने थे उत्तराखंड के सीएम
पुष्कर सिंह धामी बीते साल जुलाई में उत्तराखंड के सीएम बने थे। 2017 में विधानसभा चुनाव जीतने के बाद भाजपा ने त्रिवेंद्र सिंह रावत को मुख्य मंत्री बनाया था। उनके बाद तीरथ सिंह रावत को सीएम बनाया और फिर चुनाव से कुछ महीने पहले पुष्कर धामी को सत्ता की बागडोर सौंपी गई थी। अब एक बार फिर धामी सीएम बनने जा रहे हैं। हालांकि विधायक ना होने की वजह से छह महीने के अंदर उनको विधायकी का चुनाव जीतना होगा।
उत्तराखंड में भाजपा को मिली है बड़ी जीत
उत्तराखंड में कुल 70 सीटों के लिए विधानसभा चुनाव हुए थे। 10 मार्च को आए नतीजों में भारतीय जनता पार्टी को 47 सीटें हासिल हुई हैं। कांग्रेस ने 19 सीटें जीती हैं। बहुजन समाज पार्टी के खाते में 2 सीट आई हैं और दो सीट निर्दलीय जीते हैं












Click it and Unblock the Notifications