उत्तराखंड: पुष्कर सिंह धामी ने ली सीएम पद की शपथ, ये विधायक बने मंत्री
देहरादून, 23 मार्च: भाजपा नेता पुष्कर सिंह धामी ने आज उत्तराखंड के मुख्यमंत्री के पद की शपथ ली है। देहरादून के परेड मैदान में हुए समारोह में राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) गुरमीत सिंह ने धामी को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। धामी दूसरी बार उत्तराखंड के सीएम बने हैं। शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, कई राज्यों के मुख्यमंत्री और भाजपा के कई बड़े नेता शामिल हुए।

पुष्कर धामी ने आज उत्तराखंड के 12वें मुख्यमंत्री के तौर पर शपथ ली है। पुष्कर सिंह धामी के मंत्रिमंडल में 8 विधायकों को जगह दी गई है। मुख्यमंत्री के साथ सुबोध उनियाल, सतपाल महाराज, गणेश जोशी, चंदन राम दास, धन सिंह रावत, रेखा आर्य, प्रेम चंद अग्रवाल और सौरभ बहुगुणा ने मंत्री पद की शपथ ली है।
विधानसभा के सदस्य नहीं हैं धामी
पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड में हुए विधानसभा चुनावों में भाजपा को जबरदस्त जीत मिली है। राज्य की कुल 70 सीटों में से 47 सीटें बीजेपी ने जीती हैं लेकिन पुष्कर सिंह धामी अपना चुनाव हार गए हैं। खटीमा सीट से 2012 और 2017 में विधायक चुने गए धामी इस बार कांग्रेस के भुवन चंद्र कापड़ी से हार गए। हालांकि हार के बावजूद भाजपा आलाकमान ने उन पर भरोसा जताते हुए उनको सीएम पद के लिए चुना है। हालांकि विधायक ना होने की वजह से छह महीने के अंदर उनको विधायकी का चुनाव जीतना होगा।
पुष्कर सिंह धामी बीते साल जुलाई में उत्तराखंड के सीएम बने थे। 2017 में विधानसभा चुनाव जीतने के बाद भाजपा ने त्रिवेंद्र सिंह रावत को मुख्यमंत्री बनाया था। उनके बाद तीरथ सिंह रावत को छोटे समय के लिए सीएम बनाया गया। इसके बाद चुनाव से कुछ महीने पहले पुष्कर धामी को सत्ता की बागडोर सौंपी गई थी। अब एक बार फिर धामी सीएम बने हैं।












Click it and Unblock the Notifications