CM पुष्कर सिंह धामी का जन्म दिन कल, कहा-उत्सव या औपचारिक आयोजन नहीं, आपदा प्रभावितों और आमजन की करेंगे मदद
CM Pushkar Singh Dhami birthday मंगलवार 16 सितम्बर को उत्तराखंड के सीएम पुष्कर सिंह धामी के जन्म दिन पर किसी प्रकार का उत्सव या औपचारिक आयोजन नहीं होगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि वे इस दिन आपदा प्रभावितों और आमजन की मदद में समय देंगे।
उन्होंने कहा कि राज्य के कई क्षेत्रों में आपदा से प्रभावित परिवार कठिन परिस्थितियों का सामना कर रहे हैं और ऐसे में समाज का प्रत्येक वर्ग उनके सहयोग के लिए आगे आए। मुख्यमंत्री ने कहा कि जन्मदिवस जैसे अवसर को समाज और जरूरतमंदों की सेवा के लिए समर्पित करना ही सच्चा उत्सव है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि उनके जन्मदिवस के अवसर पर किसी प्रकार का उत्सव या औपचारिक आयोजन नहीं होगा, बल्कि यह दिन सादगी और सेवा को समर्पित रहेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वच्छता अभियान, वृक्षारोपण, शिक्षा सहयोग और आपदा राहत जैसे कार्य समाज में सकारात्मक बदलाव लाने का माध्यम बन सकते हैं।
सेवा और त्याग की भावना ही उत्तराखण्ड की असली पहचान है और यदि हर नागरिक इसी सोच के साथ कार्य करे तो राज्य को हर क्षेत्र में मजबूती और नई ऊर्जा मिलेगी। प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने आपदा के मद्देनजर सीएम द्वारा सेवा और सादगी से जन्मदिन मनाने का स्वागत किया है। वहीं पार्टी भी उनके जन्मदिन को ब्लड डोनेशन, स्वास्थ्य शिविर, स्वच्छता एवं वृक्षारोपण अभियान आदि जनसहभागिता के कार्यक्रमों के साथ मनाएगी।
उन्होंने अपने शुभकामना संदेश में, मुख्यमंत्री धामी के स्वास्थ्य और दीघार्यु होने की ईश्वर से कामना की है। साथ ही कहा, पीएम मोदी के विकसित भारत विजन को उत्तराखंड में साकार कर रहे हैं। उनके द्वारा वर्तमान दशक उत्तराखंड का बनाने के लक्ष्य पूर्ति के लिए सीएम के नेतृत्व में प्रदेश तेजी से आगे बढ़ रहा है।
साथ ही उन्होंने बताया कि पार्टी भी उनके जन्मदिन को जनसहभागिता के साथ विभिन्न सार्वजनिक कार्यक्रम के माध्यम से मनाएगी। जिसके तहत युवा मोर्चा एवं महिला मोर्चा द्वारा स्वास्थ्य शिविर, ब्लड कैंप, स्वच्छता अभियान, वृक्षारोपण, शैक्षिक कार्यक्रम और सार्वजनिक धार्मिक हवन पूजन आदि का आयोजन किया जायेगा।












Click it and Unblock the Notifications