विधानसभा चुनाव से पहले उत्तराखंड में छिड़ा पोस्टरवॉर, बीजेपी—आप आमने सामने, कांग्रेस भी कूदी
चुनाव से पहले ही राजनैतिक दलों में शुरू हुआ आराेप प्रत्यारोप का दौर
देहरादून, 23 अगस्त। उत्तराखंड में विधानसभा चुनाव से पहले ही राजनैतिक दलों में पोस्टर वॉर भी शुरू हो गया है। राजधानी के कई इलाकों में आप के सीएम फेस कर्नल अजय कोठियाल और प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को लेकर कुछ होर्डिंग लगाए गए थे, जिसमें इन दोनों में सीएम को लेकर पूछा गया था, कि सीएम कौन हो? देशभक्त फौजी या नेता। इस होर्डिंग के लगते ही बड़ा विवाद शुरू हो गया। इतना ही नहीं पोस्टर वॉर का यह मामला पुलिस थानों तक पहुंच गया। जिसके बाद राजधानी के अलग-अलग थानों में इसको लेकर मुकदमा तक दर्ज हुए। मुकदमें सरकारी विभागों की और से किए गए। हैरानी की बात ये है कि आनन-फानन में होर्डिंग लगने के कुछ घंटो बाद ही शहर से ये सभी होडिंग हटा दिए गए।

आप ने सीएम से मांगा जवाब
उत्तराखंड विधानसभा चुनाव को लेकर राजनैतिक दलों में आरोप- प्रत्यारोप का दौर भी शुरू हो गया हैा आप के प्रचार- प्रसार को लेकर बीजेपी ने भी सवाल खड़े कर दिए हैं। अबकी बार आप के होर्डिंग और पोस्टर को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। आम आदमी पार्टी के प्रवक्ता संजय भट्ट ने बताया कि आप के द्वारा जो होर्डिंग लगाए गए, उसमें देशभक्त फौजी और नेता के बीच में से सीएम चुनने को लेकर जनता से सवाल किया गया था जो कि किसी भी तरह से गलत नहीं हैा उन्होंने खुद सीएम से इसका जवाब मांगा है कि आखिर इसमें गलत क्या हैा
कांग्रेस का आरोप- बदले की भावना से काम कर रही बीजेपी
होर्डिंग हटाने को लेकर भी जमकर राजनीति शुरू हो गई है। होर्डिंग विवाद में कांग्रेस भी कूद गई है। कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता मथुरा दत्त जोशी का आरोप है कि बीजेपी सत्ता में रहकर अपने अधिकारों का गलत प्रयोग कर रही है। मथुरा जोशी ने कहा कि लोकतंत्र में सभी राजनैतिक दलों को अपने-अपने तरीके से प्रचार-प्रसार करने का अधिकार है। ऐसे में बीजेपी को इस तरह से बदले की भावना से काम नहीं करना चाहिए। बीजेपी की तरफ से प्रदेश प्रवक्ता शादाब शम्स ने मोर्चा संभालते हुए इस तरह के पोस्टर लगाने पर आपत्ति दर्ज की है। शादाब का कहना है कि आप अपने प्रत्याशी को लेकर किसी भी तरह के प्रचार-प्रसार कर सकती है। लेकिन बीजेपी के सीएम के चेहरे का इस्तेमाल करने का आप को कोई हक नहीं है। शादाब ने कहा कि आप के इस चुनावी हथकंडे से एक बार फिर साबित हो गया कि आप को उत्तराखंड के चुनाव में उतारने के पीछे किस दल का हाथ हैा
सोशल मीडिया में चर्चा का विषय बने होर्डिंग
होर्डिंग को भले ही शहर से हटा दिया गया हो, लेकिन सोशल मीडिया में यह मुद्दा गर्माया हुआ है। इस होर्डिंग को लेकर कई तरह के सवाल भी खड़े होते जा रहे हैं। होर्डिंग में सिर्फ आप और बीजेपी के चेहरे ही दिखाए गए हैं। इस पर सवाल ये उठ रहा है कि क्या आप कांग्रेस को चुनाव में किसी जगह नहीं देख रही है। कांग्रेस में हरीश रावत सीएम पद के सबसे बड़े दावेदार माने जा रहे हैं। ऐसे में आप के इस होर्डिंग में हरीश रावत या कांंग्रेस के किसी भी नाम को शामिल न करना आप की रणनीति का हिस्सा मान रही है। बीजेपी ने भी सीएम पद के लिए किसी चेहरे का नाम नहीं लिया है। जबकि आप इस चुनाव में सीएम के लिए कर्नल और धामी के बीच ही मुकाबला मान रही है। कांग्रेस के किसी नेता को होर्डिंग में जगह न मिलने पर कांंग्रेसी होर्डिंग पर नहींं जनता के दिल में होने की बात कर रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications