उत्तराखंड में भी हिंडनबर्ग प्रकरण को लेकर सियासत तेज,कांग्रेस अध्यक्ष ने की जेपीसी से जांच कराने की मांग
उत्तराखंड में भी हिंडनबर्ग प्रकरण को लेकर सियासत तेज हो गई है। कांग्रेस इस मुद्दे को नगर निकाय से लेकर उपचुनावों में भी बड़ा मुद्दा बनाने की तैयारी में है।
प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा ने अडानी महाघोटाले की जांच जेपीसी से कराने की मांग की है। कांग्रेस की यह मांग सेबी की चेयरपर्सन माधबी बुच के खिलाफ हिंडनबर्ग रिसर्च की नवीनतम रिपोर्ट में लगाए गए गंभीर आरोपों के बाद आई है।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष करन माहरा ने हिंडनबर्ग प्रकरण पर जारी बयान पर कहा, अडानी महाघोटाला सामने लाते हुए हिंडनबर्ग ने आरोप लगाया था कि ऑफशोर फंडिंग से स्टॉक मैनिपुलेशन होता था और राउंड ट्रिपिंग की जाती थी। इन मामलों की जांच सेबी को सौंपी गई। लेकिन अब हिंडनबर्ग की नई रिपोर्ट से पता चला है कि सेबी चीफ माधबी बुच और उनके पति धवल बुच उन्हीं बरमूडा/मॉरीशस स्थित फंड में निवेश कर रहे थे, जिनके साथ गौतम अडानी के भाई विनोद अडानी का संबंध था। हिंडनबर्ग की नई रिपोर्ट में बताया गया है कि माधबी बुच का अडानी ग्रुप से जुड़े ऑफशोर फंड में निवेश था। माधबी बुच ने सेबी चीफ बनने पर अपनी शेयर होल्डिंग अपने पति धवल बुच को ट्रांसफर कर दी।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष करन माहरा ने कहा कि रिपोर्ट के मुताबिक माधबी बुच और धवल बुच ने पांच जून, 2015 को सिंगापुर में आईपीई प्लस फंड 1 के साथ खाता खोला था। ये आईपीई प्लस फंड 1, अडानी समूह के एक डायरेक्टर ने आईआईएफएल के माध्यम से खोला था। आईआईएफएल की ओर से एक घोषणा में उनके निवेश स्रोत को आय बताया गया है और उनकी कुल संपत्ति 10 मिलियन डॉलर आंकी गई। उन्होंने बताया कि हिंडनबर्ग रिसर्च की रिपोर्ट में सेबी चेयरपर्सन माधबी बुच के अलावा अगोरा और ब्लैकस्टोन का जिक्र है।
माहरा ने कहा किये दोनों अहम किरदार हैं। रिपोर्ट के अनुसार अप्रैल 2017 से मार्च 2022 तक, जब माधबी बुच सेबी में पूर्णकालिक सदस्य और अध्यक्ष थीं, तब उनके पास एक ऑफशोर सिंगापुरी कंसल्टिंग फर्म में 100 प्रतिशत हिस्सेदारी थी, जिसे अगोरा पार्टनर्स कहा जाता था। मार्च 2022 में,सेबी चेयरपर्सन बनने पर उन्होंने अपने शेयर पति धवल बुच को ट्रांसफर कर दिए थे। अगोरा पार्टनर्स कंपनी साल 2013 में सिंगापुर में रजिस्टर्ड हुई थी। सेबी चेयरपर्सन माधबी बुच के पास वर्तमान में अगोरा एडवाइजरी नाम की कंपनी में 99 प्रतिशत हिस्सेदारी है। माधबी के पति धवल बुच ही इसके डायरेक्टर हैं। साल 2022 में अगोरा ने दो लाख 61 हजार डॉलर का रेवेन्यू कमाया था, जो सेबी चीफ माधबी बुच की सैलरी का करीब साढ़े चार गुना है।












Click it and Unblock the Notifications