पीएम मोदी ने उत्तराखंड में प्रचार के लिए दिया वक्त, अब बीजेपी कर रही चुनाव आयोग के नए निर्देशों का इंतजार
नई दिल्ली, 30 जनवरी: उत्तराखंड में चुनावी सरगर्मियां जोरों पर हैं, जहां सभी दलों ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी है। जल्द ही पीएम मोदी भी वहां पर बीजेपी के प्रचार अभियान की कमान संभालेंगे, इसके लिए प्रदेश इकाई ने उनसे समय ले लिया है। अब बस चुनाव आयोग के नए नियमों का इंतजार है। इसके बाद पीएम मोदी का कार्यक्रम तय कर दिया जाएगा। बीजेपी को उम्मीद है कि पीएम की रैलियों से उनके वोटबैंक पर अच्छा प्रभाव पड़ेगा।
Recommended Video

मामले में केंद्रीय मंत्री और बीजेपी के उत्तराखंड चुनाव प्रभारी प्रह्लाद जोशी ने कहा कि हमने उत्तराखंड में चुनाव प्रचार के लिए पीएम नरेंद्र मोदी से समय मांगा है। वो सहमत हो गए हैं, लेकिन चुनाव आयोग के दिशानिर्देशों के बाद उनके कार्यक्रम को अंतिम रूप दिया जाएगा, जो 31 जनवरी को जारी होने की उम्मीद है। उन्होंने कहा कि सभी 70 निर्वाचन क्षेत्रों में 10-15 स्थानों पर एलईडी टीवी लगाए जाएंगे ताकी लोग नेताओं का संबोधन सुन सकें। पीएम के अलावा गृहमंत्री अमित शाह, रक्षामंत्री राजनाथ सिंह और बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा भी राज्य में प्रचार करेंगे।
उन्होंने कहा कि बीजेपी 1 फरवरी को उत्तराखंड में अपना मेगा चुनाव अभियान शुरू करेगी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, हरियाणा के सीएम मनोहर लाल खट्टर और हिमाचल प्रदेश के सीएम जयराम ठाकुर उस दिन 500 लोगों की रैलियों को संबोधित करेंगे। जोशी के मुताबिक कांग्रेस के 'चार धाम-चार काम' पर जनता विश्वास नहीं करेगी, जब उनके (कांग्रेस) हाथ में सत्ता थी, तब उन्होंने लोगों को गुमराह किया। 2017 में इनके शब्द थे...लूट लो मैं आंखें बंद कर लूंगा, वो वीडियो अभी तक चल रहा है, उस वीडियो का खंडन भी नहीं किया है।
रैली-रोड शो पर रोक
आपको बता दें कि कोरोना महामारी को देखते हुए चुनाव आयोग ने रोड शो और रैलियों पर 31 जनवरी तक रोक लगा रखी है। राजनीतिक पार्टियां वर्चुअल रैली कर सकती हैं। इसके अलावा 5 लोग डोर टू डोर जाकर प्रचार कर सकते हैं।












Click it and Unblock the Notifications