Pahalgam attack देहरादून में शार्ट टर्म वीजा पर आए पाकिस्तानी दंपत्ति को वापस भेजा गया, पुलिस उठा रही कड़े कदम
Pahalgam attack जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में आतंकी हमले के बाद केंद्र सरकार ने पाकिस्तान के खिलाफ सख्त कदम उठाए हैं। इस बीच भारत में आए सभी पाकिस्तानियों को वापस भेजा जा रहा है। देहरादून में भी शार्ट टर्म वीजा पर आए एक दंपत्ति को वापस भेज दिया गया है। इस बीच प्रशासन व पुलिस इस घटना के बाद से अलर्ट मोड पर है।
पहलगाम में आतंकी हमले के बाद केंद्र सरकार ने भारत में आए पाकिस्तानियों को वापसी के आदेश दिए हैं। देहरादून में जिला प्रशासन व पुलिस ने शार्ट टर्म वीजा पर आए पाकिस्तानियों की जानकारी जुटाई। जिसमें पता चला कि एक पाकिस्तानी दंपती विकासनगर क्षेत्र में पिछले कुछ दिनों से आया हुआ है।

जिन्हें देहरादून छोड़ने के निर्देश जारी किए गए। पाकिस्तानी दंपती देहरादून से रवाना हो गया। मीडिया रिपोर्ट की मानें तो देहरादून में करीब 200 पाकिस्तान से आए हिंदू शरणार्थी हैं। जो पति पत्नी देहरादून आए हुए थे, उन्हें पुलिस सुरक्षा में रवाना कर दिया गया है। एसएसपी अजय सिंह ने बताया कि दंपती को देहरादून से भेज दिया गया है।
इस बीच दून पुलिस आतंकी हमले के बाद अलर्ट है। पुलिस सुरक्षा से जुड़े हर मसले पर सतर्कता से काम कर रही है। दून में सुरक्षा एजेन्सियों की वर्दी व अन्य सामग्री की बिक्री करने वाले दुकानदारों को चिन्हित किया गया है।
बिना आईडी के किसी भी व्यक्ति को सुरक्षा ऐजेन्सियों से जुडी सामग्रियों को विक्रय न किये जाने की हिदायत दी जा रही है।
बता दें कि पहलगाम में हुई आतंकी घटना में आतंकवादियों द्वारा आर्मी की वर्दी पहनकर घटना को अंजाम दिया गया था, जिसके चलते वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून द्वारा सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्र में ऐसी सभी दुकानों, जहां आर्मी, अर्ध सैनिक बलों व अन्य सुरक्षा एजेन्सियों से सम्बन्धित वर्दी व अन्य सामान की बिक्री की जाती हो, को चिन्हित करते हुए उनकी सूची तैयार करने तथा ऐसे सभी दुकान मालिकों को बिना आईडी लिये किसी भी व्यक्ति को आर्मी अर्द्ध सैनिक बलों व अन्य सुरक्षा एजेन्सियों से सम्बन्धित वर्दी व अन्य सामान की बिक्री न करने की हिदायत देने के निर्देश दिये गये हैं।












Click it and Unblock the Notifications